किसानों और बाढ़ पीड़ित परिवारों को मिलेगा मुआवजा
चंडीगढ़:
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अस्पताल से लाइव होकर कैबिनेट बैठक में लिए गए बड़े फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने ऐलान किया कि नदियों के किनारे जमीन वाले किसानों को मिट्टी उठाने और बेचने की अनुमति दी जाएगी।
फसलों के नुकसान की भरपाई के लिए राज्य सरकार किसानों को 20 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मुआवजा राशि पूरे देश में किसी भी राज्य द्वारा दी गई सबसे बड़ी राहत है और जल्द ही किसानों को चेक जारी किए जाएंगे।
जान गंवाने वालों के परिवारों को 4 लाख मुआवजा
मान सरकार ने घोषणा की कि बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा जिनके घर ढह गए या पानी में बह गए, उन्हें भी नुकसान के अनुसार आर्थिक मदद मिलेगी।
किसानों को 6 महीने की राहत
बाढ़ प्रभावित किसानों, जिन्होंने सहकारी समितियों या बैंकों से ऋण लिया है, उनके लिए बड़ी राहत दी गई है। ऋण चुकाने की सीमा 6 महीने तक बढ़ा दी गई है। इस दौरान किसानों को न कोई किस्त देनी होगी और न ही ब्याज देना होगा।
पशुधन और स्वास्थ्य के लिए विशेष अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाढ़ के कारण मवेशियों की मौत पर सहायता राशि दी जाएगी। साथ ही, बीमारियों के फैलाव को रोकने के लिए बड़े पैमाने पर टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा।
इसके लिए 1700 गांवों और 300 शहरी वार्डों में फॉगिंग मशीनें भेजी जाएंगी और हर गांव में डॉक्टरों की टीमें जाकर जांच करेंगी।
गांवों में विशेष स्वास्थ्य शिविर भी लगाए जाएंगे ताकि बाढ़ पीड़ितों को बीमारियों से बचाया जा सके।