Canada News: 2 किराएदारों की मौत के मामले में 78 वर्षीय पंजाबी मकान मालिक पर $30,000 जुर्माना
ओंटारियो के किंग्स्टन से एक पंजाबी मकान मालिक से जुड़ा मामला सामने आया है, जिसमें घर में आग लगने से दो किराएदारों की मौत के बाद अदालत ने 78 वर्षीय पृथ्वीपाल ददियाला पर 30 हजार कैनेडियन डॉलर का जुर्माना लगाया है। मामले में उन्हें जेल भेजने के बजाय आर्थिक दंड की सजा दी गई है।
मार्च 2023 में घर में लगी थी आग
जानकारी के मुताबिक, करीब साढ़े तीन साल पहले मार्च 2023 में पृथ्वीपाल ददियाला की संपत्ति में आग लग गई थी। उस समय घर में कुल 8 लोग मौजूद थे और हादसे में दो किराएदारों की मौत हो गई थी।
अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, मकान में फायर कोड से जुड़ी आवश्यकताओं का पालन नहीं किया गया था। इसी आधार पर मकान मालिक के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई।
शुरुआत में लगाए गए थे 9 आरोप
मामले में पृथ्वीपाल ददियाला के खिलाफ शुरुआत में कुल 9 चार्ज लगाए गए थे। इनमें से अदालत में 3 आरोपों में उन्हें दोषी पाया गया, जबकि बाकी 6 आरोप हटा दिए गए।
शहर की ओर से अदालत में 30 दिन की जेल और 15 हजार कैनेडियन डॉलर के जुर्माने की मांग की गई थी। हालांकि, अंतिम आदेश में अदालत ने 30 हजार कैनेडियन डॉलर का जुर्माना लगाया और जेल की सजा नहीं दी।
मकान मालिक ने मानी लापरवाही
अदालत में पृथ्वीपाल ददियाला ने अपनी लापरवाही स्वीकार की। शहर के वकील ने कहा कि उन पर जानबूझकर किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप नहीं था, लेकिन मकान मालिक के तौर पर घर की स्थिति और फायर कोड का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी उनकी थी।
बचाव पक्ष ने उम्र और किए गए सुधारों का दिया हवाला
बचाव पक्ष के वकील मैट हॉजसन ने अदालत में ददियाला की उम्र और उनके द्वारा संपत्तियों में किए जा रहे सुधारों का हवाला दिया। उनके अनुसार, ददियाला 78 वर्ष के हैं और जेल भेजने से कोई व्यावहारिक उद्देश्य पूरा नहीं होगा।
वकील ने यह भी बताया कि बिल्डिंग डिपार्टमेंट के निर्देशों के मुताबिक कमियों को दूर करने का काम किया जा रहा है। ददियाला अपनी अन्य संपत्तियों में सुधार पर करीब 3 लाख कैनेडियन डॉलर खर्च कर चुके हैं।
किराएदारों ने भी रखी अपनी बात
अदालत में कुछ किराएदारों की ओर से लिखे गए पत्र भी पेश किए गए। इनमें पृथ्वीपाल ददियाला को लोगों की मदद करने वाला व्यक्ति बताया गया।
बचाव पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि कुछ किराएदारों के पास रहने के लिए दूसरी उपयुक्त जगह नहीं थी। मामले में अदालत के फैसले के बाद अब संपत्ति में फायर कोड से जुड़ी कमियों को दूर करने पर जोर दिया जा रहा है।
यह मामला कनाडा में मकान मालिकों की फायर सेफ्टी और बिल्डिंग कोड संबंधी जिम्मेदारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

