हृदय रोग से कैंसर तक 5 विशेषज्ञताओं में शामिल हुआ संस्थान; चिकित्सा शिक्षा, मरीजों की देखभाल और रिसर्च के क्षेत्र में उपलब्धि
न्यूजवीक की 2027 की सूची में PGI चंडीगढ़
चंडीगढ़ स्थित पोस्टग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एजुकेशन एंड रिसर्च (PGI) ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है। संस्थान को न्यूजवीक की World’s Best Specialized Hospitals 2027 सूची में पांच चिकित्सा विशेषज्ञताओं के लिए शामिल किया गया है।
इन विशेषज्ञताओं में कार्डियोलॉजी यानी हृदय रोग, एंडोक्राइनोलॉजी यानी हार्मोन संबंधी बीमारियां, ऑन्कोलॉजी यानी कैंसर, पीडियाट्रिक्स यानी बाल चिकित्सा और पल्मोनोलॉजी यानी फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां शामिल हैं।
यह सूची न्यूजवीक ने वैश्विक डेटा विश्लेषण कंपनी स्टेटिस्टा के सहयोग से तैयार की है। इस उपलब्धि को संस्थान की विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं, मरीजों की देखभाल, मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की अंतरराष्ट्रीय पहचान माना जा रहा है।
टीमवर्क और बेहतर इलाज को मिली पहचान
PGI के निदेशक प्रो. विवेक लाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली यह पहचान बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति PGI की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
उन्होंने इस सफलता का श्रेय फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, तकनीकी टीमों और अन्य कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
प्रो. लाल के मुताबिक, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए केवल गुणवत्तापूर्ण इलाज ही नहीं, बल्कि आधुनिक तकनीक, लगातार अनुसंधान, मरीजों की इलाज तक पहुंच और संवेदनशील देखभाल भी जरूरी है। यह उपलब्धि संस्थान को चिकित्सा सेवाओं और शिक्षा की गुणवत्ता में और सुधार करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।
मरीजों के अनुभव भी रैंकिंग का हिस्सा
न्यूजवीक और स्टेटिस्टा की World’s Best Specialized Hospitals सूची के सातवें संस्करण में अस्पतालों का मूल्यांकन कई मानकों के आधार पर किया गया है। इनमें अस्पतालों की प्रतिष्ठा, मान्यता और इलाज के परिणामों से जुड़े पहलू शामिल हैं।
आकलन में पेशेंट-रिपोर्टेड आउटकम मेजर्स (PROMs) को भी महत्व दिया गया है। इसके माध्यम से मरीजों से प्राप्त जानकारी के आधार पर यह समझने का प्रयास किया जाता है कि इलाज से उनके स्वास्थ्य और जीवन की गुणवत्ता पर क्या प्रभाव पड़ा है।
1962 में हुई थी PGI की स्थापना
चंडीगढ़ स्थित PGI की स्थापना वर्ष 1962 में हुई थी। यह संस्थान चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के लिए देश के प्रमुख संस्थानों में गिना जाता है।
यहां गंभीर और जटिल बीमारियों से जूझ रहे मरीजों का इलाज करने के साथ डॉक्टरों को प्रशिक्षण देने तथा नई उपचार पद्धतियों पर शोध करने का काम भी किया जाता है। पांच विशेषज्ञताओं में न्यूजवीक की सूची में जगह मिलना संस्थान की चिकित्सा सेवाओं और अनुसंधान संबंधी प्रयासों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

