पंजाब के दो सिख रागियों में विवाद, कीर्तन में एंट्री को लेकर भाई कुलविंदर सिंह और बबीहा आमने-सामने

पंजाब के दो सिख रागियों के बीच विवाद, कीर्तन में एंट्री को लेकर हुई बहस; वीडियो जारी कर एक-दूसरे को दिया जवाब

फगवाड़ा के धार्मिक समागम में भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले ने जताई थी नाराजगी; भाई जगजीत सिंह बबीहा ने कहा- गुरु इंसान को और झुकना सिखाते हैं

पंजाब के दो प्रसिद्ध सिख रागियों भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले और भाई जगजीत सिंह बबीहा के बीच कीर्तन के दौरान एंट्री को लेकर विवाद सामने आया है। मामला 6 नवंबर को फगवाड़ा में आयोजित एक धार्मिक समागम का है। यहां भाई कुलविंदर सिंह कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान आयोजकों ने उनसे कीर्तन समाप्त करने के लिए कहा, ताकि दूसरे रागी भाई जगजीत सिंह बबीहा कार्यक्रम में शामिल हो सकें।

इस बात पर भाई कुलविंदर सिंह नाराज हो गए और उन्होंने मंच से ही अपनी आपत्ति जताई। उनका कहना था कि कीर्तन के बीच किसी दूसरे रागी की एंट्री करवाने के लिए कीर्तन रोकना उचित नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कोई व्यक्ति इतना बड़ा हो गया है कि उसके आने के लिए गुरु घर की मर्यादा को नजरअंदाज किया जाए।

इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। इसके बाद भाई जगजीत सिंह बबीहा ने वीडियो जारी कर अपनी प्रतिक्रिया दी। वहीं, भाई कुलविंदर सिंह ने भी एक नया वीडियो जारी कर विवाद पर अपना पक्ष रखा।

फगवाड़ा के समागम में क्या हुआ था?

जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को फगवाड़ा में आयोजित धार्मिक समागम में भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले मंच पर कीर्तन कर रहे थे। इसी बीच एक व्यक्ति उनके पास आया और कीर्तन समाप्त करने के लिए कहा। उन्हें बताया गया कि दूसरे रागी सिंह भी पहुंच चुके हैं।

इस पर भाई कुलविंदर सिंह ने माइक पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यह कोई मर्यादा नहीं है कि एक रागी के कीर्तन समाप्त करने के बाद ही दूसरा अंदर आएगा। उन्होंने कहा कि रागी सिंह गुरु की हजूरी में बैठकर कीर्तन करते हैं, वे कोई गायक नहीं हैं कि एक के बाद दूसरा मंच संभाल ले।

उन्होंने यह भी कहा कि जब तक एक रागी का कीर्तन चल रहा हो, दूसरे को उसके समाप्त होने के बाद ही साथ बैठना चाहिए। इसी नाराजगी के बीच उन्होंने आगे से फगवाड़ा नहीं आने की बात कही और अपना कीर्तन समाप्त कर दिया।

बबीहा के आने पर प्रबंधकों ने कुलविंदर सिंह को कीर्तन समाप्त करने के लिए कहा।

बबीहा ने वीडियो जारी कर दिया जवाब

विवाद के बाद भाई जगजीत सिंह बबीहा को सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा। इसके जवाब में उन्होंने वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि गुरु सभी के साथ हैं और हर इंसान में गुरु की शक्ति काम करती है। इसलिए व्यक्ति को हमेशा विनम्र और झुककर रहना चाहिए।

बबीहा ने कहा कि उन्हें किसी की बातों की चिंता नहीं है, क्योंकि उन्हें गुरु तेग बहादुर साहिब का सहारा प्राप्त है। उन्होंने विनम्रता का संदेश देते हुए कहा कि किसी को बुरा कहने के बजाय इंसान को अपने भीतर झांकना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई आपकी जिंदगी में आपकी टांग खींचता है, तो गुरु आपको उतना ही ऊपर उठाते हैं।

कुलविंदर सिंह बोले- किसी रागी से निजी दुश्मनी नहीं

भाई जगजीत सिंह बबीहा के वीडियो के बाद भाई कुलविंदर सिंह खरड़ वाले ने भी नया वीडियो जारी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी रागी सिंह के साथ उनकी कोई निजी दुश्मनी या रंजिश नहीं है। उन्होंने कहा कि उनकी नाराजगी केवल गुरु घर की मर्यादा और सम्मान को लेकर थी।

कुलविंदर सिंह के मुताबिक, गुरु ग्रंथ साहिब से बड़ा कोई नहीं हो सकता, चाहे कोई प्रधानमंत्री हो या राष्ट्रपति। उनके अनुसार, किसी व्यक्ति की एंट्री के लिए कीर्तन को बीच में रोकना उचित नहीं है।

उन्होंने दावा किया कि फगवाड़ा में जब वह कीर्तन कर रहे थे, तब आयोजकों ने बार-बार उनके पास आकर कीर्तन समाप्त करने को कहा, ताकि भाई बबीहा अंदर आ सकें। उन्होंने इस व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए कहा कि वे गायक नहीं हैं कि किसी की एंट्री के लिए कीर्तन रोक दें।

जालंधर के कार्यक्रम का भी किया जिक्र

भाई कुलविंदर सिंह ने अपने वीडियो में 18 अक्टूबर को जालंधर के आदर्श नगर में हुए एक कार्यक्रम का भी जिक्र किया। उन्होंने दावा किया कि वहां भी इसी तरह की स्थिति बनी थी और उन्होंने गाड़ी से उतरकर अंदर आने से मना कर दिया था। उनके अनुसार, आयोजकों को उन्हें मनाने के लिए करीब आधे घंटे तक प्रयास करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि यदि उनका अपना सगा भाई भी ऐसा करता, तो वह उसे भी यही सलाह देते कि पहले अंदर आकर बैठे और कीर्तन सुने।

फिलहाल दोनों रागियों के वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। विवाद की मुख्य वजह धार्मिक समागम में कीर्तन के दौरान दूसरे रागी की एंट्री को लेकर आयोजकों की ओर से की गई व्यवस्था बताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *