पंजाब में मंत्रिमंडल विस्तार फिलहाल टला:राज्यपाल कटारिया राजस्थान गए कैबिनेट में दो पद खाली

पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार का प्रस्तावित कैबिनेट विस्तार टाल दिया गया है। इसका कारण राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया की अनुपस्थिति है, जो फिलहाल उदयपुर दौरे पर हैं और 2 जुलाई तक चंडीगढ़ से बाहर रहेंगे।

गौरतलब है कि चुनावों से पहले अरविंद केजरीवाल और जीत के बाद मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 2-4 दिनों में कैबिनेट विस्तार की बात कही थी। लेकिन अब राज्यपाल की गैरहाजिरी के चलते नए मंत्रियों को शपथ दिलाने की प्रक्रिया संभव नहीं हो पाएगी।

AAP के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने बताया कि इसी वजह से कैबिनेट विस्तार पर होने वाली चर्चाएं भी अभी स्थगित कर दी गई हैं। विस्तार अब संभवतः 2 जुलाई के बाद ही होगा, क्योंकि शपथ दिलाने की संवैधानिक जिम्मेदारी राज्यपाल की होती है।

 

विधायक अरोड़ा को शामिल करना है मंत्रीमंडल में

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दो दिन पहले राज्यपाल से मुलाकात के बाद घोषणा की थी कि अगले दो-तीन दिनों में कैबिनेट का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने लुधियाना पश्चिम से हाल ही में निर्वाचित विधायक संजीव अरोड़ा को मंत्रिमंडल में शामिल करने की पुष्टि भी की थी। हालांकि उन्होंने अन्य संभावित नए चेहरों के नामों का खुलासा नहीं किया था।

जिसके बाद अब संजीव अरोड़ा आज सुबह विधायक पद की शपथ ले रहे हैं। उन्हें पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां शपथ दिलाएंगे। इस समारोह में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।

दो पद अब भी खाली, फेरबदल की अटकलें तेज

फिलहाल मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली 16 सदस्यीय कैबिनेट में दो मंत्री पद खाली हैं। पंजाब सरकार अधिकतम 18 मंत्रियों को शामिल कर सकती है, जिनमें मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। ऐसे में नए चेहरों के अलावा कुछ मंत्रियों के विभाग बदले जाने और संभावित फेरबदल की अटकलें भी तेज़ हो गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *