पंजाब में AAP के दो विधायकों ने छोड़ी पार्टी, बोले- केजरीवाल की गारंटियां पूरी नहीं हुईं; कल BJP जॉइन करेंगे
पटियाला: पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। विधानसभा चुनाव 2027 के लिए पार्टी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी होने के बाद दो मौजूदा विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया है। इनमें पटियाला जिले की समाना सीट से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं।
दोनों विधायकों ने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पार्टी छोड़ने की वजह बताई। उनका आरोप है कि अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की जनता से नशा खत्म करने, किसानों को MSP देने, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने जैसी कई गारंटियां दी थीं, लेकिन ये वादे पूरे नहीं हुए। दोनों नेताओं ने बताया कि वे सोमवार को दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल होंगे।
जौड़ामाजरा बोले- तीन महीने में नशा खत्म करने की गारंटी पूरी नहीं हुई
पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पंजाब में सरकार बनने पर तीन महीने के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को फसलों पर MSP नहीं मिल रही और शिक्षा के क्षेत्र में किए गए वादे भी अधूरे हैं। जौड़ामाजरा ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि इलाज के लिए दिए गए स्वास्थ्य कार्ड कई अस्पतालों में स्वीकार नहीं किए जा रहे।
नशा तस्करों के बजाय नशा करने वालों पर कार्रवाई का आरोप
जौड़ामाजरा ने पंजाब सरकार की नशे के खिलाफ कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि नशे के खिलाफ अभियान के नाम पर नशा करने वाले लोगों को पकड़ा जा रहा है, जबकि असली तस्करों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही।
उन्होंने जेलों की क्षमता और कैदियों की संख्या का जिक्र करते हुए सरकार के दावों पर सवाल उठाए। साथ ही आरोप लगाया कि नशा तस्करों को संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने नशा विरोधी अभियान से जुड़े एक पदाधिकारी के घर से हेरोइन मिलने का भी दावा किया।
पठानमाजरा बोले- पंजाब पर 4.83 लाख करोड़ रुपये का कर्ज
सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि पंजाब पर करीब 4.83 लाख करोड़ रुपये का कर्ज हो चुका है।
पठानमाजरा के अनुसार, पंजाब के पास करीब 10 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति है, लेकिन सरकार लगातार कर्ज ले रही है। उन्होंने दावा किया कि अब राज्य के पास केवल 17 हजार करोड़ रुपये का और कर्ज लेने की गुंजाइश बची है।
उन्होंने आशंका जताई कि कर्ज की स्थिति आगे और गंभीर हो सकती है तथा भविष्य में सरकारी कर्मचारियों के वेतन भुगतान पर भी असर पड़ सकता है।
पठानमाजरा ने AAP सरकार पर लगाए मनमानी के आरोप
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पठानमाजरा ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के पास दिल्ली में पुलिस नहीं थी, लेकिन पंजाब में पुलिस का नियंत्रण मिलने के बाद सरकार ने मनमानी की।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेता दिल्ली लौट गए हैं और पंजाब को बचाने के लिए मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव जरूरी है।
जौड़ामाजरा मंत्री रह चुके, पठानमाजरा पर दर्ज है रेप केस
चेतन सिंह जौड़ामाजरा आम आदमी पार्टी की सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं। हालांकि, कुछ समय पहले पार्टी ने समाना विधानसभा क्षेत्र में उनकी जगह पूर्व अकाली नेता सुरजीत सिंह रखड़ा को हलका इंचार्ज की जिम्मेदारी दे दी थी।
वहीं, हरमीत सिंह पठानमाजरा पर रेप का मामला दर्ज हुआ था। इस मामले के बाद वह ऑस्ट्रेलिया चले गए थे। बाद में जांच में शामिल होने के लिए भारत लौटने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था।
पहली उम्मीदवार सूची के बाद बढ़ी राजनीतिक हलचल
AAP की ओर से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने के बाद पंजाब की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। दोनों विधायकों के पार्टी छोड़ने से समाना और सनौर विधानसभा सीटों पर भी राजनीतिक चर्चा शुरू हो गई है।
फिलहाल पार्टी ने इन दोनों सीटों के लिए कोई नया उम्मीदवार घोषित नहीं किया है। दोनों विधायकों ने सोमवार को दिल्ली में BJP में शामिल होने की बात कही है। अब सबकी नजरें उनके अगले राजनीतिक कदम और आम आदमी पार्टी की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।

