अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग की साजिश का आरोप, दो शूटर गिरफ्तार; पंजाब से जुड़े हैं आरोपी
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से की कार्रवाई, जालंधर के विकास ठाकुर और तरनतारन के दीपक सिंह पर विदेश में बैठे गैंगस्टर के लिए काम करने का आरोप
अमृतसर: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर के बाहर फायरिंग की कथित साजिश के मामले में दिल्ली पुलिस ने दो शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन निवासी दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते थे और उन्हें अलग-अलग वारदातों की जिम्मेदारी दी गई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर अमिताभ बच्चन के कथित बयान से नाराज था और इसी वजह से अभिनेता को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन ऐसे किसी बयान देने से इनकार कर चुके हैं।
अमिताभ के घर के बाहर फायरिंग करने की थी योजना
पुलिस जांच के मुताबिक, तरनतारन निवासी दीपक सिंह को मुंबई में कुछ समय तक रुकने के लिए कहा गया था। आरोप है कि उसे अमिताभ बच्चन के घर के बाहर फायरिंग करनी थी।
दीपक सिंह अमृतसर में 3 अक्टूबर को हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में भी वांटेड था। इस मामले में उसका कथित सहयोगी पलविंदर सिंह उर्फ काका पहले ही पंजाब पुलिस की गिरफ्त में आ चुका है।
दिल्ली के कारोबारी पर भी फायरिंग की जिम्मेदारी
दिल्ली पुलिस के डिप्टी कमिश्नर नारा चैतन्य के मुताबिक, जालंधर के न्यू गांधी नगर का रहने वाला विकास ठाकुर भी इस नेटवर्क से जुड़ा था। उसे मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। आरोप है कि यहां एक कारोबारी से रंगदारी मांगने के लिए उस पर फायरिंग की जानी थी।
पुलिस के अनुसार, इस वारदात में दीपक सिंह को भी शामिल होना था, लेकिन पुलिस ने योजना पर अमल होने से पहले ही विकास ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मुंबई पुलिस की मदद से दीपक सिंह को भी पकड़ लिया।
1984 के दंगों से जुड़े कथित बयान को लेकर था विवाद
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गैंगस्टर अमिताभ बच्चन को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक कथित बयान के कारण निशाना बनाना चाहता था।
कुछ सिख संगठनों और 1984 के दंगों की गवाह जगदीश कौर ने पहले आरोप लगाया था कि 31 अक्टूबर 1984 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को उकसाया था।
शिकायतकर्ताओं का दावा था कि अमिताभ ने दूरदर्शन के लाइव प्रसारण के दौरान हाथ उठाकर सिखों के खिलाफ भड़काऊ नारे लगाए थे। हालांकि, इस कथित प्रसारण का कोई आधिकारिक वीडियो अब तक सार्वजनिक नहीं हुआ है। अमिताभ बच्चन ने भी ऐसा बयान देने से इनकार किया है।
धमकी के बाद बुलेटप्रूफ केबिन में दिखे थे अमिताभ
रिपोर्ट के मुताबिक, 23 अक्टूबर को धमकी मिलने के बाद अमिताभ बच्चन को बुलेटप्रूफ केबिन में देखा गया था। अब उनके घर के बाहर फायरिंग की कथित साजिश में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

