बठिंडा में परविंदर सिंह झोटा की अंतिम अरदास आज, दमदमा साहिब में दोपहर 12 बजे होगा समागम
मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले झोटा की गोली मारकर हुई थी हत्या, पंजाबभर से संगत और विभिन्न संगठनों के पहुंचने की उम्मीद
बठिंडा: मानसा में नशे के खिलाफ मुहिम चलाने वाले परविंदर सिंह झोटा की अंतिम अरदास और पाठ का भोग रविवार, 15 नवंबर को ऐतिहासिक तख्त श्री दमदमा साहिब, तलवंडी साबो में आयोजित किया जाएगा। समागम दोपहर 12 बजे नए दीवान हॉल में शुरू होगा। कुछ दिन पहले झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
इस श्रद्धांजलि समागम का आयोजन परिवार और इंसाफ एक्शन कमेटी की ओर से किया जा रहा है। इसमें पंजाब के अलग-अलग जिलों से बड़ी संख्या में संगत, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और उनके समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।
परिवार ने पंजाबवासियों से की शामिल होने की अपील
परिवार ने प्रदेशवासियों से समागम में पहुंचकर परविंदर सिंह झोटा को श्रद्धांजलि देने की अपील की है। परिवार का कहना है कि झोटा ने नशे के खिलाफ आवाज उठाई थी और उनकी शुरू की गई मुहिम को आगे बढ़ाना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इंसाफ एक्शन कमेटी के मीडिया प्रभारी हरदीप सिंह सिद्धू के मुताबिक, पंजाबभर से कई संगठनों और आम लोगों के समागम में शामिल होने की उम्मीद है। झोटा के बच्चों ने भी लोगों से अपने पिता को श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंचने की भावुक अपील की है।
नशे के खिलाफ अगले संघर्ष की बन सकती है रूपरेखा
आयोजन से जुड़े लोगों के अनुसार, यह समागम केवल श्रद्धांजलि तक सीमित नहीं रहेगा। इस दौरान परविंदर सिंह झोटा की सोच और नशे के खिलाफ उनके संघर्ष को आगे बढ़ाने के लिए भविष्य की रणनीति और अगले कार्यक्रमों की रूपरेखा भी सामने रखी जा सकती है।
झोटा के नाम पर बनी एंटी-ड्रग टास्क फोर्स भी सक्रिय
परविंदर सिंह झोटा के नाम से गठित एंटी-ड्रग टास्क फोर्स ने भी नशे के खिलाफ अभियान तेज करने का फैसला किया है। आने वाले दिनों में इस दिशा में नए कार्यक्रम तैयार किए जाने की बात कही गई है। अब इस श्रद्धांजलि समागम पर पंजाबभर की नजरें रहेंगी।

