लंदन में पंजाबी कारोबारी हरमन सिंह कपूर गिरफ्तार, रेस्तरां के बाहर प्रदर्शनकारियों ने लगाए बंद करने के नारे
हलाल मीट नहीं बेचने को लेकर विरोध का दावा, पत्नी खुशी ने परिवार की सुरक्षा पर जताई चिंता; पुलिस ने मौजूदा गिरफ्तारी की वजह स्पष्ट नहीं की
पठानकोट: ब्रिटेन की राजधानी लंदन में पंजाबी सिख कारोबारी हरमन सिंह कपूर की गिरफ्तारी के बाद विवाद बढ़ गया है। उनके हैमरस्मिथ स्थित रेस्तरां ‘सिंह्स डाइनिंग’ के बाहर 13 नवंबर को बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी जमा हुए और कारोबार बंद करने की मांग करते हुए नारेबाजी की। हरमन कपूर का आरोप है कि सिख धार्मिक मान्यताओं के अनुसार झटका मांस परोसने और हलाल मीट नहीं बेचने के कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, लंदन पुलिस ने फिलहाल उनकी ताजा गिरफ्तारी का कारण सार्वजनिक नहीं किया है।
रेस्तरां के बाहर प्रदर्शन, दंपती के खिलाफ नारेबाजी
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में प्रदर्शनकारी रेस्तरां के बाहर जमा होकर नारेबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। ‘द यूनियन स्टार’ की वीडियो रिपोर्ट के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान ‘हरमन और खुशी का कारोबार बंद कराओ’ जैसे नारे लगाए गए। मौके पर मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अधिकारी भी मौजूद थे।
रेस्तरां के बाहर ‘Proudly Non-Halal’ का बोर्ड लगा हुआ है। हरमन कपूर का कहना है कि वह अपने सिख धार्मिक विश्वासों के अनुरूप झटका मांस परोसते हैं और हलाल मीट नहीं बेचते। उनके मुताबिक, इसी फैसले के कारण उन्हें और उनके परिवार को विरोध तथा धमकियों का सामना करना पड़ रहा है।
हरमन बोले- सुरक्षा मांगी थी, पुलिस ने मुझे ही गिरफ्तार कर लिया
हरमन कपूर ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि वह कई दिनों से पुलिस से अपने परिवार और कारोबार की सुरक्षा मांग रहे थे। इसके बावजूद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और हथकड़ी लगाकर अपने साथ ले गई।
उनका कहना है कि मामला केवल भोजन की पसंद का नहीं है, बल्कि उन्हें और उनके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि मौजूदा मामले में उन्हें किस आधार पर गिरफ्तार किया गया।
पत्नी खुशी ने परिवार की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
हरमन की पत्नी खुशी कपूर ने भी सोशल मीडिया पर बयान जारी कर पति की गिरफ्तारी पर चिंता जताई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उनके पति पुलिस हिरासत में हैं, तो घर पर मौजूद परिवार की सुरक्षा कौन करेगा?
खुशी ने दावा किया कि ब्रिटिश अभिनेता जॉन क्लीज ने रेस्तरां और परिवार की सुरक्षा के लिए आठ सिक्योरिटी गार्ड भेजे थे। उनके मुताबिक, इस मदद से परिवार और कारोबार को प्रदर्शनकारियों से बचाने में सहायता मिली। हालांकि, अभिनेता जॉन क्लीज की ओर से इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई है।
28 अक्टूबर को भी हमले की कोशिश का किया था दावा
हरमन कपूर ने 29 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर दावा किया था कि 28 अक्टूबर को कुछ लोगों ने उनके रेस्तरां ‘सिंह्स डाइनिंग’ पर हमला करने की कोशिश की थी। उनके मुताबिक, परिवार को लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं और कुछ लोगों ने रेस्तरां के शटर तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया था।
हरमन ने दावा किया था कि इस दौरान उनकी बेटी ने समय रहते शटर बंद कर दिए। उनके अनुसार, हमलावर काफी देर तक अंदर घुसने की कोशिश करते रहे और पुलिस के पहुंचने से कुछ समय पहले वहां से चले गए।
मार्च 2026 में भी गिरफ्तार हुए थे हरमन
हरमन कपूर को इससे पहले 14 मार्च 2026 को भी मेट्रोपॉलिटन पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस समय पुलिस ने बताया था कि फुलहम पैलेस रोड स्थित रेस्तरां में दोपहर करीब 1:30 बजे 54 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में जान से मारने की धमकी से जुड़े संदर्भों के आधार पर ‘मैलिशियस कम्युनिकेशन’ के संदेह में की गई थी। बाद में उन्हें आगे की जांच तक जमानत पर छोड़ दिया गया था। उस समय पुलिस ने गिरफ्तारी को नॉन-हलाल भोजन परोसने के फैसले से संबंधित नहीं बताया था।
खालिस्तान पर टिप्पणी के बाद भी विवादों में रहे
हरमन कपूर मार्च 2023 में भी विवादों में आए थे। उस समय उन्होंने सोशल मीडिया पर खालिस्तान आंदोलन की आलोचना करते हुए वीडियो पोस्ट किए थे। इसके बाद 23 मार्च 2023 को लंदन के हैमरस्मिथ इलाके में उनके पुराने रेस्तरां ‘रंगरेज’ के बाहर कुछ लोगों के पहुंचने और दरवाजों पर हमला करने की घटना सामने आई थी।
सितंबर 2023 में उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके घर के बाहर खड़ी दोनों कारों पर लाल रंग फेंका गया और एक कार का शीशा तोड़ दिया गया। हरमन के मुताबिक, खालिस्तान पर टिप्पणी के बाद से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। उन्होंने अपनी पत्नी और बेटी को भी धमकियां दिए जाने का आरोप लगाया था।
16 साल पुराना रेस्तरां बंद करने का किया था ऐलान
लगातार विवादों के बीच 24 फरवरी 2026 को हरमन कपूर ने अपने 16 साल पुराने रेस्तरां ‘रंगरेज’ को बंद करने की घोषणा की थी। उन्होंने इसकी वजह बढ़ती लागत, ऑनलाइन उत्पीड़न, बार-बार होने वाली परेशानियों और मेट्रोपॉलिटन पुलिस से पर्याप्त सहयोग नहीं मिलने को बताया था।
हालांकि, बाद में समर्थकों के सहयोग से उन्होंने कारोबार जारी रखने का फैसला किया। मार्च 2026 में उन्होंने फिर से रेस्तरां में नॉन-हलाल भोजन परोसने की बात कही थी। इसके बाद से यह मुद्दा लगातार चर्चा में बना हुआ है।

