चितकारा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में हरियाणा की छात्रा की मौत, मां के फोन न उठाने पर हुआ खुलासा
बनूड़ स्थित यूनिवर्सिटी में BCA फर्स्ट ईयर की छात्रा का शव कमरे में मिला, दो दिन पहले कुरुक्षेत्र से लौटी थी; पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला
पटियाला: पंजाब के बनूड़ स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल में हरियाणा की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया है। छात्रा की पहचान अनिका मदान के रूप में हुई है। वह BCA फर्स्ट ईयर में पढ़ाई कर रही थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, छात्रा का शव हॉस्टल स्थित उसके कमरे में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फिलहाल मौत के कारण स्पष्ट नहीं हुए हैं।
मां के फोन का जवाब नहीं मिला तो वार्डन को किया कॉल
जानकारी के अनुसार, अनिका मदान दो दिन पहले ही अपने घर कुरुक्षेत्र से यूनिवर्सिटी लौटी थी। शनिवार सुबह उसकी मां ने बेटी से फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक फोन नहीं उठा।
इसके बाद मां ने हॉस्टल वार्डन को फोन कर बेटी के बारे में पता लगाने को कहा। वार्डन जब गर्ल्स हॉस्टल स्थित अनिका के कमरे में पहुंची तो वह मृत अवस्था में मिली। उस समय सुबह करीब 11:30 बजे थे। इसके बाद यूनिवर्सिटी प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलते ही थाना बनूड़ के एसएचओ इंस्पेक्टर गुरसेवक सिंह सिद्धू पुलिस टीम के साथ यूनिवर्सिटी पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी की और जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रविवार सुबह पोस्टमार्टम कराया गया।
कमरे से सुसाइड नोट नहीं मिला
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में छात्रा के कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उसके मोबाइल फोन की जांच करने के साथ परिवार के सदस्यों और हॉस्टल में रहने वाली अन्य छात्राओं से पूछताछ कर रही है।
जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि छात्रा किसी तनाव या अन्य परेशानी से गुजर रही थी या नहीं। एसएचओ गुरसेवक सिंह सिद्धू के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
यूनिवर्सिटी प्रशासन ने परिवार को दी जानकारी
चितकारा यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रा की मौत पर दुख जताया है। प्रशासनिक अधिकारी संदीप गर्ग के मुताबिक, परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है और इस कठिन समय में उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
सितंबर में हॉस्टल को लेकर फैली थीं अफवाहें
गौरतलब है कि सितंबर 2026 में भी चितकारा यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने के बाद कैंपस में हंगामा हुआ था। 25 और 26 सितंबर की रात हॉस्टल में दो छात्राओं की आत्महत्या और दो छात्राओं के लापता होने की खबरें सोशल मीडिया पर प्रसारित हुई थीं। इसके साथ ही हॉस्टल में भूत होने की अफवाहें भी फैली थीं।
इन खबरों के बाद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हॉस्टल से बाहर आ गए थे और यूनिवर्सिटी प्रबंधन से जवाब मांगने लगे थे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई की घटनाएं भी सामने आई थीं।
उस समय पुलिस और यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्पष्ट किया था कि हॉस्टल में किसी छात्रा की आत्महत्या या किसी छात्रा के लापता होने की घटना नहीं हुई है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रसारित दावों को अफवाह बताया था।
अफवाह फैलाने के आरोप में दो पूर्व छात्र गिरफ्तार हुए थे
अक्टूबर 2026 की शुरुआत में पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित तौर पर भ्रामक जानकारी फैलाने के आरोप में यूनिवर्सिटी के दो पूर्व छात्रों को गिरफ्तार किया था। उनकी पहचान हिमांशु निवासी नंगल और आर्यन निवासी अंबाला के रूप में हुई थी। पुलिस इस मामले में अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही थी।

