तरनतारन बस हादसे का CCTV वीडियो आया सामने, डिवाइडर पार कर दूसरी बस से टकराई तीर्थयात्रियों की बस; 5 की मौत
नेशनल हाईवे-54 पर नौशहरा पन्नुआं के पास हुआ हादसा, बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बिगड़ा बस का संतुलन; 5 गंभीर घायल
तरनतारन: पंजाब के तरनतारन में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं को लेकर जा रही दो बसों की भीषण टक्कर का CCTV फुटेज सामने आया है। हादसा शनिवार, 14 नवंबर को नेशनल हाईवे-54 पर नौशहरा पन्नुआं के पास हुआ था। इस दुर्घटना में पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। दोनों बसों में करीब 80 यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
CCTV में दिखा हादसे का पूरा घटनाक्रम
हादसे के पास स्थित एक घर में लगे CCTV कैमरे में टक्कर की पूरी घटना कैद हो गई। फुटेज में सामान्य ट्रैफिक के बीच मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की एक बस अचानक अपनी लेन बदलती दिखाई देती है।
इसके बाद बस डिवाइडर पर चढ़कर सड़क की दूसरी तरफ पहुंच जाती है और सामने से आ रही दूसरी बस से सीधे टकरा जाती है। टक्कर के बाद पहली बस की दिशा बदल जाती है और वह सड़क से उतरकर पास के खेत में जा पहुंचती है, जबकि दूसरी बस सड़क किनारे ही रुक जाती है।
बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बिगड़ा संतुलन
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, एक बस अमृतसर के स्वर्ण मंदिर से माथा टेककर लौट रही थी, जबकि दूसरी हरिके से अमृतसर जा रही थी। नौशहरा पन्नुआं के पास मोटरसाइकिल सवार को बचाने के प्रयास में एक बस का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद बस डिवाइडर पार कर दूसरी दिशा से आ रही बस से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बसों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई यात्री घायल हो गए।
DC ने बताया- पांच लोगों की मौत, पांच गंभीर घायल
तरनतारन के डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्होंने जानकारी दी कि चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि अमृतसर रेफर किए गए छह घायलों में से एक की बाद में मौत हो गई।
घायलों को अमृतसर के गुरु नानक देव मेडिकल कॉलेज अस्पताल और सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल प्रशासन, सड़क सुरक्षा फोर्स और एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंच गई थीं।
DC और SSP ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
डिप्टी कमिश्नर डॉ. निर्मल ओसेपचन और एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। इसके बाद अधिकारियों ने सिविल अस्पताल तरनतारन में भर्ती घायलों का हालचाल भी जाना।
प्रशासन की ओर से फरीदकोट और मुक्तसर के डिप्टी कमिश्नरों के साथ समन्वय कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

