पंजाब में 22 नवंबर को वोट बनवाने के लिए विशेष कैंप, 4 जनवरी को आएगी अंतिम वोटर लिस्ट

पंजाब में 22 नवंबर को वोट बनवाने का विशेष मौका, सभी मतदान केंद्रों पर लगेंगे कैंप; वोटर लिस्ट की गलतियां भी सुधरेंगी

चंडीगढ़: पंजाब में अभी तक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज नहीं करवाने वाले लोगों के लिए 22 नवंबर को विशेष अवसर मिलेगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्य के सभी मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इन कैंपों में नए मतदाता वोट बनवाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा मौजूदा मतदाता अपनी जानकारी जांचने और वोटर लिस्ट में मौजूद गलतियों को ठीक करवाने के लिए भी आवेदन दे सकेंगे।

पंजाब की मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बताया कि ये कैंप विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) 2027 के तहत आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना और पहले से पंजीकृत मतदाताओं को अपने विवरण की जांच और सुधार का अवसर देना है।

18 साल के होने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन

निर्वाचन आयोग ने नए मतदाता पंजीकरण के लिए 1 जनवरी 2027 को पात्रता की तारीख निर्धारित किया है। इसके अनुसार, जो युवा 1 जनवरी 2027 को या उससे पहले 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे, वे फॉर्म नंबर 6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।

जिन युवाओं ने अभी तक वोटर के रूप में पंजीकरण नहीं करवाया है, वे 22 नवंबर को अपने मतदान केंद्र पर लगने वाले कैंप में पहुंचकर आवेदन जमा कर सकते हैं।

वोटर लिस्ट में गलतियां सुधारने का भी मिलेगा मौका

विशेष कैंपों में मतदाता प्रारूप वोटर लिस्ट में अपना नाम और अन्य व्यक्तिगत विवरण जांच सकेंगे। यदि नाम, पता या अन्य जानकारी में कोई गलती है, तो उसे ठीक करवाने के लिए आवेदन दिया जा सकेगा। इसके अलावा पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के लिए भी आवेदन कर सकते हैं।

11 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां

SSR 2027 के तहत प्रारूप मतदाता सूची पर दावे और आपत्तियां दर्ज करवाने की प्रक्रिया 11 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगी। इसके बाद प्राप्त आवेदनों और आपत्तियों का निपटारा 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को प्रकाशित की जाएगी।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने पंजाब के सभी मतदाताओं से विशेष कैंपों का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने खास तौर पर उन युवाओं से पंजीकरण करवाने को कहा है, जो 1 जनवरी 2027 तक 18 साल के हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *