अमृतपाल सिंह कल अमृतसर पहुंचेंगे, दादी के अंतिम संस्कार में 3 घंटे होंगे शामिल

सांसद अमृतपाल सिंह को दिल्ली के सेफ हाउस में रखा गया, कल फ्लाइट से अमृतसर लाया जाएगा; दादी के अंतिम संस्कार में 3 घंटे होंगे शामिल

अमृतसर: खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को असम की डिब्रूगढ़ जेल से पंजाब पुलिस दिल्ली लेकर पहुंची है। फिलहाल उन्हें दिल्ली के एक सेफ हाउस में रखा गया है। शनिवार को उन्हें फ्लाइट के जरिए अमृतसर लाया जाएगा, जहां वह अपनी दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, दिल्ली से सुबह 7:15 बजे फ्लाइट रवाना होगी और सुबह 8:30 बजे अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके बाद अमृतपाल सिंह को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक मिली कस्टडी पैरोल के तहत उनके पैतृक गांव जल्लूपुर खेड़ा ले जाया जाएगा। वहां वह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे।

शाम को वापस दिल्ली लौटेंगे अमृतपाल

कस्टडी पैरोल की अवधि समाप्त होने के बाद दोपहर 3 बजे अमृतसर देहाती पुलिस उन्हें वापस एयरपोर्ट लेकर जाएगी। वहां से शाम 6:35 बजे उनकी फ्लाइट दिल्ली के लिए रवाना होगी, जो रात 7:50 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

इससे पहले डिब्रूगढ़ जेल से बाहर आने के बाद अमृतपाल सिंह की पहली तस्वीर भी सामने आई। करीब साढ़े तीन साल बाद वह जेल से बाहर आ रहे हैं। उन्हें असम से लाने और वापस ले जाने के लिए परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपये जमा करवाए हैं।

माहौल बिगड़ने पर पुलिस तुरंत ले जा सकेगी

अमृतपाल सिंह की कस्टडी पैरोल के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष शर्तें तय की गई हैं। अमृतसर कोर्ट के आदेश के मुताबिक, यदि अंतिम संस्कार के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ती है, कोई अप्रिय घटना होती है या ऐसी स्थिति बनने की आशंका नजर आती है, तो पुलिस उन्हें तुरंत संस्कार स्थल से हटा सकती है।

जरूरत पड़ने पर पंजाब से बाहर भी ले जा सकती है पुलिस

कोर्ट ने सरकार और पुलिस को यह अधिकार भी दिया है कि सुरक्षा संबंधी स्थिति पैदा होने पर अमृतपाल सिंह को निर्धारित पैरोल अवधि पूरी होने से पहले ही पंजाब से बाहर ले जाया जा सकता है। यानी किसी अप्रिय स्थिति की आशंका होने पर पुलिस को तीन घंटे की अवधि खत्म होने का इंतजार नहीं करना होगा।

परिवार ने पुलिस के खाते में जमा कराए 10 लाख रुपये

अमृतपाल सिंह को डिब्रूगढ़ जेल से अमृतसर लाने और वापस ले जाने के खर्च के लिए उनके परिवार ने पुलिस के सरकारी खाते में 10 लाख रुपये जमा करवाए हैं। इसमें से 7 लाख 84 हजार रुपये टिकटों पर खर्च होंगे। इस राशि में अमृतपाल सिंह और उनके साथ आने-जाने वाले पांच पुलिस कर्मचारियों की फ्लाइट टिकटें शामिल हैं।

अमृतपाल सिंह के गांव जल्लूपुर खेड़ा में दादी चरण कौर के अंतिम संस्कार की तैयारियां की जा रही हैं। अंतिम संस्कार उनके खेतों में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *