एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी लगातार छठी बार बने SGPC प्रधान, गुरप्रीत सिंह झब्बर को मिली जनरल सेक्रेटरी की जिम्मेदारी
अमृतसर: शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के प्रधान पद पर एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को एक बार फिर चुन लिया गया है। शुक्रवार को अमृतसर स्थित SGPC मुख्यालय के तेजा सिंह समुंद्री हॉल में हुए चुनाव में उन्हें लगातार छठी बार प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी गई।
चुनाव में रघुजीत सिंह विरक को सीनियर वाइस प्रेसिडेंट, गुरबख्श सिंह खालसा को जूनियर वाइस प्रेसिडेंट और गुरप्रीत सिंह झब्बर को जनरल सेक्रेटरी चुना गया। इसके अलावा कार्यकारिणी समिति के 11 सदस्य भी चुने गए, जिनमें दो महिला सदस्य शामिल हैं।
सुखबीर बादल ने तय किया था प्रधान पद का उम्मीदवार
चुनाव से पहले प्रधान पद के उम्मीदवार का नाम तय करने का अधिकार शिरोमणि अकाली दल (बादल) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को सौंपा गया था। इस संबंध में गुरुवार शाम SGPC मुख्यालय में सुखबीर बादल ने कमेटी के सदस्यों और पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी।
करीब 20 मिनट तक चली बैठक में प्रधान पद के चुनाव को लेकर चर्चा हुई। सदस्यों ने अपनी राय रखी और सर्वसम्मति से उम्मीदवार चुनने की जिम्मेदारी सुखबीर बादल को दे दी। बीबी जागीर कौर के नाम पर सहमति नहीं बन पाई, जिसके बाद मौजूदा प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी को दोबारा उम्मीदवार बनाया गया।
190 सदस्यीय हाउस में 138 सदस्य ही कर सकते थे मतदान
SGPC के कुल 190 सदस्यीय हाउस में इस बार केवल 138 सदस्यों को ही मतदान का अधिकार था। पांच सिंह साहिबान वोट नहीं डाल सकते थे। इसके अलावा 39 सदस्यों की मृत्यु, पांच के इस्तीफे और तीन सदस्यों पर इजलास में शामिल होने की रोक के कारण कुल 47 सदस्य मतदान प्रक्रिया से बाहर रहे।
इसके बाद हरजिंदर सिंह धामी को सर्वसम्मति से प्रधान चुन लिया गया।
अकाल तख्त के कार्यकारी जत्थेदार ने दी बधाई
श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज ने हरजिंदर सिंह धामी और नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने गुरु साहिब के चरणों में अरदास की कि सभी पदाधिकारियों पर मेहर बनी रहे, ताकि वे सिख कौम के सामने आने वाली चुनौतियों का मिलकर मुकाबला कर सकें और कौम की चढ़दी कला के लिए लगातार काम करते रहें।
पिछले चुनाव में धामी को मिले थे 117 वोट
पिछले साल हुए SGPC प्रधान पद के चुनाव में हरजिंदर सिंह धामी को 136 में से 117 वोट मिले थे। विरोधी गुट के उम्मीदवार मिट्ठू सिंह को 18 वोट मिले थे, जबकि एक वोट रद्द हो गया था। इस बार धामी को सर्वसम्मति से प्रधान चुना गया है।

