चंडीगढ़ में 12 फ्रीहोल्ड रिहायशी प्लॉट की ई-नीलामी, कीमत 3.38 करोड़ से शुरू; 11 दिसंबर तक रजिस्ट्रेशन
चंडीगढ़ में रिहायशी प्लॉट खरीदकर अपना घर बनाने की योजना बना रहे लोगों के लिए यूटी प्रशासन ने मौका दिया है। प्रशासन शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित 12 फ्रीहोल्ड रिहायशी प्लॉट की ई-नीलामी करने जा रहा है। इनकी रिजर्व प्राइस 3.38 करोड़ रुपये से लेकर 34.32 करोड़ रुपये तक रखी गई है। सबसे सस्ता प्लॉट सेक्टर-44बी और सबसे महंगा प्लॉट सेक्टर-33 में स्थित है।
इच्छुक बोलीदाता 11 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक जरूरी दस्तावेज और अर्नेस्ट मनी डिपॉजिट (EMD) जमा कर सकते हैं। ई-नीलामी की प्रक्रिया 15 दिसंबर सुबह 9 बजे शुरू होकर 17 दिसंबर सुबह 11 बजे तक चलेगी।
सेक्टर-33 में सबसे महंगा, सेक्टर-44बी में सबसे सस्ता प्लॉट
नीलामी में 100 वर्ग गज से लेकर 1,014 वर्ग गज तक के प्लॉट शामिल किए गए हैं। सेक्टर-33 में स्थित 1,014 वर्ग गज का कॉर्नर प्लॉट सबसे महंगा है। इसकी रिजर्व प्राइस 34.32 करोड़ रुपये तय की गई है।
वहीं, सेक्टर-44बी में 100-100 वर्ग गज के दो प्लॉट उपलब्ध हैं। प्रत्येक प्लॉट की रिजर्व प्राइस 3.38 करोड़ रुपये रखी गई है।
बोलीदाताओं के लिए प्री-बिड ट्रेनिंग
एस्टेट ऑफिस की ओर से इच्छुक खरीदारों को ई-नीलामी की प्रक्रिया समझाने के लिए 28 और 29 नवंबर को प्री-बिड ट्रेनिंग आयोजित की गई है। ये सत्र दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक सेक्टर-17 स्थित टाउन हॉल बिल्डिंग के संपदा कार्यालय की पहली मंजिल पर बने कमेटी रूम में रखे गए हैं।
प्रशासन की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, दस्तावेज और EMD जमा करने के बाद 12 दिसंबर सुबह 9 बजे से 14 दिसंबर शाम 5 बजे तक संबंधित प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद 15 दिसंबर सुबह 9 बजे से लाइव ई-नीलामी शुरू होगी, जो 17 दिसंबर सुबह 11 बजे तक चलेगी।
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और EMD जमा करने का तरीका
ई-नीलामी में हिस्सा लेने वाले बोलीदाताओं को सरकारी पोर्टल eauction.gov.in पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके लिए वैध डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) होना जरूरी है।
EMD का भुगतान RTGS या NEFT के माध्यम से किया जाएगा। भुगतान करने के बाद बोलीदाता को UTR नंबर और पैन कार्ड की स्कैन कॉपी पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
प्लॉटों के लेआउट और जोनिंग से संबंधित जानकारी प्रशासन के अर्बन प्लानिंग पोर्टल पर उपलब्ध है।

