चंडीगढ़ में छात्र हत्याकांड के आरोपी शूटर का एनकाउंटर, पुलिस पर फायरिंग में घायल; बंबीहा गैंग से जुड़े होने का शक
चंडीगढ़: चंडीगढ़ में सेंट जोसफ कॉन्वेंट स्कूल के पूर्व छात्र नैतिक खंडेलवाल (17) की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी शूटर मनमीत मेहर उर्फ मन को मुठभेड़ के दौरान गोली मारकर घायल कर दिया। यह कार्रवाई सेक्टर-50 के जंगल में हथियार बरामदगी के दौरान हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। गोली एएसआई प्रदीप की छाती पर लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण उनकी जान बच गई।
पुलिस जांच में सामने आया है कि नैतिक की हत्या पुरानी रंजिश के चलते कथित तौर पर सुपारी देकर करवाई गई थी। इस मामले में उसके साथ पढ़ने वाले अर्श मेहर और अर्श के बड़े भाई मनमीत की भूमिका सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मनमीत के बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से संबंध होने की आशंका है।
हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर चलाई गोली
चंडीगढ़ पुलिस ऑपरेशन सेल के डीएसपी रनजोत सिंह के अनुसार, अर्श मेहर और उसके भाई मनमीत को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया था। शनिवार सुबह इंस्पेक्टर सेखों के नेतृत्व में पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर सेक्टर-50 के जंगल में पहुंची, जहां हथियार छिपाए जाने की जानकारी मिली थी।
पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के दौरान अर्श ने एक पिस्टल छिपाने की जगह बताई, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद दूसरी पिस्टल बरामद करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान मनमीत ने कथित तौर पर छिपाई हुई पिस्टल उठाकर पुलिस टीम पर गोली चला दी।
बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई ASI की जान
पुलिस के अनुसार, आरोपी की ओर से चलाई गई गोली एएसआई प्रदीप की छाती पर लगी। हालांकि, उन्होंने बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उनकी जान बच गई।
इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, टीम की ओर से दो गोलियां चलाई गईं, जबकि आरोपी ने एक गोली चलाई। इस दौरान मनमीत के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई रंजिश
पुलिस जांच के मुताबिक, नैतिक और अर्श मेहर के बीच विवाद की शुरुआत सेक्टर-44 में हुई मारपीट से हुई थी। बताया गया है कि वीरवार रात नैतिक अपने एक दोस्त के साथ घूम रहा था। इसी दौरान सेक्टर-43 के एक नाबालिग और उसके साथियों के साथ पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया।
आरोप है कि इस दौरान नैतिक और उसके साथी ने नाबालिग के साथ मारपीट की और उसका वीडियो बना लिया। अर्श के साथ भी मारपीट होने की बात सामने आई है। बाद में नैतिक ने मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया।
पुलिस को आशंका है कि वीडियो वायरल होने से नाराज अर्श ने बदला लेने की योजना बनाई और इसके लिए अपने बड़े भाई मनमीत को खरड़ से बुलाया।
सेक्टर-22 में नैतिक का इंतजार कर रहे थे आरोपी
जांच के मुताबिक, घटना वाले दिन अर्श, मनमीत और एक नाबालिग बुलेट मोटरसाइकिल पर सेक्टर-22 पहुंचे। वे नैतिक के घर के पास स्थित सनातन धर्म मंदिर के बाहर उसका इंतजार कर रहे थे।
कुछ समय बाद नैतिक अपने साथी के साथ ऑटो में वहां पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों को देखकर नैतिक ने ऑटो चालक सिकंदर से वाहन तेजी से भगाने को कहा। इसी दौरान आरोपियों ने फायरिंग कर दी।
छाती में गोली लगने से छात्र की मौत
फायरिंग के दौरान एक गोली नैतिक की छाती में लगी, जबकि दूसरी गोली ऑटो चालक सिकंदर के कंधे को छूकर निकल गई। गोली लगने के बाद नैतिक ऑटो से उतरकर कुछ दूरी तक गया और फिर गिर पड़ा।
उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश के दौरान अर्श मेहर तथा उसके भाई मनमीत को गिरफ्तार किया।
बंबीहा गैंग के नेटवर्क से जुड़े होने की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मनमीत मेहर उर्फ मन के बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नेटवर्क से संबंध होने की आशंका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि छात्र की हत्या की साजिश में कथित तौर पर गैंग से जुड़े लोगों की क्या भूमिका थी।
सूत्रों के मुताबिक, मनमीत पंजाब इंटेलिजेंस विंग में तैनात एक पुलिसकर्मी का बेटा है। हालांकि, मामले में गैंग से उसके संबंधों और कथित सुपारी की भूमिका की पुष्टि जांच के आधार पर होनी बाकी है।
मोहाली के सैलून पर फायरिंग मामले में भी नाम
जांच के दौरान मनमीत का नाम मोहाली में सेक्टर-67 के सामने स्थित एक सैलून पर हुई फायरिंग के मामले में भी सामने आने की जानकारी मिली है। पुलिस अब इस घटना में उसकी कथित भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
नैतिक हत्याकांड में पुलिस पुरानी रंजिश, मारपीट के वायरल वीडियो, कथित सुपारी और गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

