पंजाब DGP गौरव यादव का Report Card 2025: ड्रग्स, अपराध और आतंक पर बड़ी कार्रवाई, नए साल के लिए किए अहम ऐलान
चंडीगढ़ | पंजाबी दूरदर्शन
साल के आखिरी दिन पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वर्ष 2025 का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में अपराध, नशे और आतंकवाद के खिलाफ की गई कार्रवाई की विस्तृत जानकारी दी और साथ ही आने वाले वर्ष के लिए कई बड़े ऐलान किए।
डीजीपी ने बताया कि वर्ष 2025 के दौरान नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में पंजाब पुलिस ने
55.78 लाख नशीले कैप्सूल, 26 किलो आइस (क्रिस्टल मेथ), 698 किलो अफीम, 35,000 किलो भुक्की और 16.8 करोड़ रुपये की ड्रग मनी बरामद की। इसके साथ ही 263 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज की गई। इस अभियान के तहत करीब 40,000 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया और 30,000 से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए।
अन्य अपराधों पर बात करते हुए डीजीपी ने बताया कि 2025 में राज्य में 680 हत्याएं, 1583 अपहरण, 944 दुष्कर्म और 1866 स्नैचिंग की घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 992 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर उन्होंने बताया कि पंजाब पुलिस ने 19 आतंकी मॉड्यूल का पर्दाफाश, 131 आतंकियों की गिरफ्तारी और 197 बरामदगियां कीं। आरोपियों से 12 आईईडी, 11.62 किलो आरडीएक्स और 54 हैंड ग्रेनेड बरामद किए गए।
डीजीपी गौरव यादव ने ऐलान किया कि आने वाले वर्ष में फर्जी वीजा और ठगी करने वाले ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही ड्रोन के जरिए हथियारों की तस्करी रोकने के लिए एंटी-ड्रोन सिस्टम को सक्रिय कर दिया गया है।
उन्होंने यह भी बताया कि पंजाब पुलिस के लिए एक नई साइबर सिक्योरिटी पॉलिसी तैयार की जा रही है और पुलिस को तकनीकी रूप से अधिक सक्षम बनाया जा रहा है। इसके अलावा अब हेड कांस्टेबलों को भी इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर की शक्तियां दी गई हैं, जिससे जांच प्रणाली और अधिक मजबूत होगी।

