भीषण गर्मी को लेकर पंजाब में हेल्थ अलर्ट, स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी

पंजाबी दूरदर्शन | विशेष रिपोर्ट

चंडीगढ़: पंजाब में बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने राज्यभर में हीट वेव को लेकर विशेष एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है, जिससे भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ सकता है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी सिविल सर्जनों, जिला अस्पतालों, उपमंडल अस्पतालों और कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों को अलर्ट पर रहने और आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

लोगों को सतर्क रहने की अपील

जारी एडवाइजरी में नागरिकों को गर्मी से होने वाली बीमारियों से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है। खासतौर पर बुजुर्गों, बच्चों और पहले से बीमार व्यक्तियों को अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

विशेषज्ञों के अनुसार, जब तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो जाता है, तो उसे हीट वेव की स्थिति माना जाता है। इस दौरान शरीर की तापमान नियंत्रित करने की क्षमता प्रभावित होती है, जिससे लू, डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

लू से बचाव के लिए जरूरी उपाय

  • हर 20-30 मिनट में पानी पीते रहें, भले ही प्यास महसूस न हो
  • ORS, लस्सी और नींबू पानी जैसे तरल पदार्थों का सेवन करें
  • हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें
  • बाहर निकलते समय सिर को छाता, टोपी या कपड़े से ढकें
  • दोपहर के समय बाहर जाने से बचें, सुबह या शाम को ही जरूरी काम करें
  • तरबूज, खीरा और संतरा जैसे पानी से भरपूर फल आहार में शामिल करें
  • घर या कार्यस्थल पर उचित वेंटिलेशन और ठंडक का प्रबंध रखें
  • बाहर काम करने वाले लोगों के लिए छांव और पीने के पानी की व्यवस्था करें

प्रशासन की तैयारी

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सभी चिकित्सा संस्थानों को संभावित मामलों से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से दूर रहें और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *