अमृतसर में दर्दनाक हादसा: श्री हरिमंदिर साहिब दर्शन के लिए आए 13 वर्षीय सिख बालक की पेड़ गिरने से मौत

अमृतसर: श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए हरियाणा के सिरसा से आए श्रद्धालुओं के एक जत्थे के साथ सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। रेलवे स्टेशन के बाहर एक पुराना पेड़ अचानक गिरने से 13 वर्षीय अमृतधारी सिख बालक की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, सिरसा से करीब 15 श्रद्धालुओं का जत्था रविवार देर रात श्री हरिमंदिर साहिब के दर्शन के लिए अमृतसर पहुंचा था। सभी श्रद्धालु रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की मुफ्त बस सेवा का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद कई दशक पुराना एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा।

इस हादसे में भुजंगी राजप्रीत सिंह (13) गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

घटना की जानकारी मिलते ही शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

परिजनों के अनुसार, राजप्रीत सिंह कम उम्र से ही सिख परंपराओं और धार्मिक जीवन से गहराई से जुड़े हुए थे। वह नियमित रूप से गुरबाणी का पाठ करते थे, गुरुद्वारा साहिब जाते थे और सिख मर्यादा के अनुसार जीवन व्यतीत कर रहे थे।

इस दुखद घटना से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में शोक की लहर है। कई धार्मिक और सामाजिक संगठनों ने भी बालक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *