आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदला: अब ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा’ के नाम से जाना जाएगा
जालंधर: केंद्र सरकार ने जालंधर स्थित आदमपुर हवाई अड्डे का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा’ कर दिया है। इस संबंध में केंद्र सरकार ने 12 जून को अधिसूचना जारी कर दी है।
इस नए नाम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व के अवसर पर किया था। अब सरकारी अधिसूचना जारी होने के बाद इस फैसले पर अंतिम मुहर लग गई है।
दोआबा क्षेत्र की धार्मिक भावनाओं को मिला सम्मान
केंद्र सरकार ने यह फैसला दोआबा क्षेत्र के विकास और गुरु रविदास जी के अनुयायियों की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए लिया है। जालंधर और होशियारपुर सहित पूरे दोआबा क्षेत्र के लिए आदमपुर हवाई अड्डा हवाई सेवाओं का प्रमुख केंद्र माना जाता है।
अब यह हवाई अड्डा महान संत, समाज सुधारक और आध्यात्मिक गुरु श्री गुरु रविदास महाराज जी के नाम से जाना जाएगा।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया था उद्घाटन
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व के ऐतिहासिक अवसर पर डिजिटल माध्यम से नए नाम की पट्टिका का अनावरण किया था।
इसके बाद 12 जून को केंद्र सरकार द्वारा आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कर दी गई।

देश-विदेश की संगतों में खुशी
आदमपुर हवाई अड्डे का नाम बदलने के फैसले के बाद पंजाब के दोआबा क्षेत्र सहित देश और विदेश में रहने वाले गुरु रविदास जी के अनुयायियों में खुशी का माहौल है।
स्थानीय निवासियों और प्रवासी भारतीयों (NRI) ने केंद्र सरकार के इस कदम का स्वागत करते हुए इसे गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके सामाजिक योगदान को सम्मान देने वाला ऐतिहासिक निर्णय बताया है। केंद्र सरकार ने जालंधर के आदमपुर एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘श्री गुरु रविदास महाराज जी हवाई अड्डा’ कर दिया है। 12 जून को अधिसूचना जारी हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरु रविदास जी के 649वें प्रकाश पर्व पर नए नाम का उद्घाटन किया था।

