चंडीगढ़: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार शाम चंडीगढ़ पहुंचेंगे। उनके दौरे को लेकर शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शनिवार रात उनके ठहरने की व्यवस्था पंचकूला में की गई है। रविवार को वे चंडीगढ़ पुलिस के राइजिंग डे समारोह में शामिल होंगे। इसके बाद सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में करीब 258 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री 5 हजार से अधिक लोगों को संबोधित भी करेंगे। उनके दौरे को देखते हुए चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा बढ़ाने के साथ शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।
सुबह 10:20 बजे पुलिस लाइंस पहुंचेंगे अमित शाह
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, अमित शाह 1 नवंबर को सुबह करीब 10:20 बजे सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस पहुंचेंगे। यहां वे चंडीगढ़ पुलिस के राइजिंग डे समारोह में हिस्सा लेंगे।
इसके बाद दोपहर करीब 1:45 बजे वे सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क पहुंचेंगे। यहां करीब 258 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा।
शनिवार रात 8 से 9 बजे तक भी प्रभावित रहेगा ट्रैफिक
चंडीगढ़ पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात 8 बजे से 9 बजे तक शहर के कुछ प्रमुख मार्गों पर यातायात नियंत्रित रहेगा।
- दक्षिण मार्ग: एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट से सेक्टर-31 चौक तक।
- पूर्व मार्ग: सेक्टर-31 चौक से ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट तक।
- मध्य मार्ग: ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट तक पंचकूला की ओर जाने वाला रास्ता।
इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने की संभावना है।
रविवार सुबह 9:30 से शाम 4 बजे तक ट्रैफिक डायवर्जन
1 नवंबर को सुबह 9:30 बजे से शाम 4 बजे तक शहर में व्यापक ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
मध्य मार्ग पर फन रिपब्लिक लाइट प्वाइंट से मटका चौक तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा सेक्टर-16/17 लाइट प्वाइंट से लायंस लाइट प्वाइंट होते हुए सेक्टर-17 के तिरंगा पार्क तक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
पुलिस लाइंस के आसपास भी रहेगी विशेष व्यवस्था
सेक्टर-26 स्थित पुलिस लाइंस की ओर जाने वाले रास्तों पर भी ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रेलवे लाइट प्वाइंट से शास्त्री नगर लाइट प्वाइंट होते हुए पुलिस लाइंस के पीछे वाले लाइट प्वाइंट तक विशेष व्यवस्था लागू रहेगी।
इसके अलावा पुलिस लाइंस से सेंट कबीर लाइट प्वाइंट, किशनगढ़ मार्ग टर्न, सेक्टर-5/6 और सेक्टर-7/8 चौक (हीरा सिंह चौक) तथा सेक्टर-7/8 और 18/19 चौक (एपी चौक) तक यातायात प्रभावित रहेगा।
पूर्व मार्ग पर ट्रांसपोर्ट लाइट प्वाइंट से सेक्टर-31 चौक और दक्षिण मार्ग पर सेक्टर-31 चौक से एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट तक भी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से वैकल्पिक रास्ते अपनाने की अपील की
चंडीगढ़ पुलिस ने शहरवासियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक डायवर्जन को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाएं और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें। साथ ही, लोगों से नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े नहीं करने को कहा गया है, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

