जालंधर: पंजाब के जालंधर जिले में शाहकोट के नजदीकी गांव नंगल अंबियां में एक टेंट हाउस के गोदाम में देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया। टेंट हाउस के मालिक के अनुसार, इस घटना में करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि किसी ने रंजिश के चलते जानबूझकर गोदाम में आग लगाई हो सकती है।
करीब एक महीने पहले तैयार किया था नया गोदाम
जानकारी के मुताबिक, गांव नंगल अंबियां निवासी रंजीत कुमार बिल्ला ‘बिल्ला टेंट एंड साउंड सर्विस’ के नाम से दुकान चलाते हैं। उन्होंने करीब एक महीने पहले ही नया गोदाम तैयार करवाया था।
रात करीब 12 बजे अचानक गोदाम से आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। आग तेजी से फैलने के कारण अंदर रखा सामान बचाने का मौका नहीं मिल सका।
ग्रामीणों और फायर ब्रिगेड ने मिलकर बुझाई आग
गोदाम से आग की लपटें निकलती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलने पर नकोदर से दमकल विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक गोदाम में रखा सामान जल चुका था और गोदाम का शेड भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
1300 कुर्सियां, कूलर और टेंट का सामान जला
गोदाम मालिक रंजीत कुमार बिल्ला ने बताया कि अंदर करीब 1300 कुर्सियां, मेज, 10 कूलर, पंखे, टेंट का सामान, पीटर रेहड़ा और अन्य जरूरी सामग्री रखी हुई थी।
उन्होंने बताया कि गोदाम में प्लास्टिक और कपड़े का सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भीषण थी कि सामान को बाहर निकालने का मौका नहीं मिला।
मालिक ने जताई रंजिश के चलते आग लगाने की आशंका
रंजीत कुमार ने आशंका जताई कि किसी शरारती तत्व ने रंजिश के चलते उनके गोदाम में जानबूझकर आग लगाई है। उन्होंने बताया कि नया गोदाम तैयार करने के कुछ ही समय बाद इस तरह की घटना होने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने और नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

