मोगा के गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की कोशिश: शीशा तोड़कर सुखासन स्थल तक पहुंचा युवक, जर्दा-तंबाकू बरामद
मोगा: पंजाब के मोगा जिले के धर्मकोट कस्बे की चुग्गा बस्ती स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में मंगलवार सुबह बेअदबी की कोशिश का मामला सामने आया है। एक युवक गुरुद्वारा साहिब के अंदर घुस गया, खिड़की का शीशा तोड़ दिया और सुखासन स्थल तक पहुंच गया।
घटना का पता तब चला जब गुरुद्वारे के पीछे स्थित एक घर की छत पर मौजूद एक महिला ने युवक को अंदर देखा और शोर मचा दिया।
ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया युवक
सूचना मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के प्रधान बलविंदर सिंह, समिति सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने युवक को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
तलाशी के दौरान युवक के पास से जर्दा-तंबाकू भी बरामद हुआ, जिसके बाद मामले को लेकर इलाके में रोष फैल गया।
ग्रंथी ने सुबह लगाया था ताला
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी ज्ञानी बलदेव सिंह नितनेम के बाद मुख्य द्वार पर ताला लगाकर अपने घर धर्मकोट लौट गए थे। इसी दौरान आरोपी गुरुद्वारा परिसर में पहुंचा।
बताया जा रहा है कि युवक ने पहले खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, फिर गोलक के साथ छेड़छाड़ की और बाद में सुखासन स्थल तक पहुंच गया। आरोपी ने कैपरी पहन रखी थी और उसके बाल कटे हुए थे।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
गुरुद्वारा परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली है।
फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी पहले गोलक के पास गया और उसके बाद सुखासन स्थल की ओर बढ़ा।
पुलिस हिरासत में आरोपी, पूछताछ जारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को चोरी के प्रयास के एंगल से भी देख रही है। बताया जा रहा है कि आरोपी निकटवर्ती गांव जलालाबाद पूर्वी का निवासी है।
गुरुद्वारा समिति पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद शिरोमणि पंथक अकाली दसमेश तरना दल घुड़सवार के प्रमुख बाबा सतनाम सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधक समिति पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि करीब दो वर्ष पहले गुरुद्वारे की नई इमारत के निर्माण के दौरान एक प्रवासी मजदूर के पास से भी तंबाकू बरामद हुआ था, जिसकी जानकारी समिति को दी गई थी, लेकिन उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की वास्तविक मंशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। मोगा के धर्मकोट स्थित गुरुद्वारा धर्म की पौड़ी में एक युवक ने खिड़की का शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सुखासन स्थल तक पहुंच गया। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से जर्दा-तंबाकू बरामद हुआ। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

