भगवंत मान का विपक्ष पर हमला, बोले- चुनाव से पहले ED-CBI की रेड करवाएंगे

CM भगवंत मान का विरोधियों पर हमला, बोले- अब ED-CBI की रेड करवाएंगे और आरोप लगाएंगे

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार (3 नवंबर) को मोहाली में विभिन्न विभागों में भर्ती हुए 801 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर जमकर निशाना साधा। मान ने आरोप लगाया कि चुनाव नजदीक आते ही विरोधी दल केंद्रीय जांच एजेंसियों का इस्तेमाल कर सकते हैं और नए आरोप लगाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष को चुनाव जीतने के तरीके पश्चिम बंगाल से सीखने को मिले हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार को बने करीब पौने पांच साल हो चुके हैं। विरोधी उन पर एक रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर दिखाएं। उन्होंने युवाओं से कहा कि उन्हें किसी बात की चिंता नहीं है और उन्हें केवल जनता का साथ चाहिए।

‘कोई ED भेजेगा, कोई CBI की रेड करवाएगा’

कार्यक्रम में भगवंत मान ने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर विरोधी पार्टियां कई तरह के आरोप लगाएंगी। उन्होंने कहा, “कोई ED भेजेगा, कोई CBI की रेड करवाएगा। इन्हें चुनाव जीतना आ गया है। बंगाल में भी ऐसे ही करते थे। अब वोट काटेंगे और वोट बनवाएंगे।”

मान ने कहा कि विरोधी दल उनके खिलाफ बहुत कुछ कहेंगे, लेकिन उन्हें इसकी परवाह नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे उनका साथ बनाए रखें।

’25 साल राज करने वालों को 25 उम्मीदवार नहीं मिल रहे’

मुख्यमंत्री ने शिरोमणि अकाली दल पर निशाना साधते हुए कहा कि कभी पंजाब में 25 साल तक राज करने की बात करने वाले नेताओं को अब चुनाव लड़ने के लिए पर्याप्त उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अकाली दल को टिकट देने के लिए 25 लोग भी नहीं मिल रहे।

मान ने कहा कि पंजाब में हॉकी टूर्नामेंट चल रहा है। जालंधर में मैच पूरे हो चुके हैं और अब मोहाली में सेमीफाइनल तथा फाइनल मुकाबले होने हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब की पहचान कभी हॉकी, कबड्डी, गिद्दा और भंगड़े से थी, लेकिन पिछली सरकारों के कार्यकाल में राज्य की पहचान नशे से जुड़ गई।

‘अकाली दल और कांग्रेस ने पंजाब को बर्बाद किया’

भगवंत मान ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल पर आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों ने अपने राजनीतिक हितों और कुर्सी की लड़ाई में पंजाब को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि इन पार्टियों का ध्यान युवाओं के भविष्य के बजाय सत्ता हासिल करने पर रहा है।

मुख्यमंत्री ने विपक्षी नेताओं पर रेत और ठेकों के कारोबार में हिस्सेदारी के आरोप भी लगाए। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी कामों और कारोबार में भ्रष्टाचार के जरिए पैसे वसूले जाते थे। इस दौरान उन्होंने अपने राजनीतिक विरोधियों पर तंज कसते हुए तीखी टिप्पणियां भी कीं।

‘जनता का पैसा जनता पर ही खर्च कर रहे हैं’

मुख्यमंत्री ने सरकारी खर्च और विकास योजनाओं को लेकर विपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि सरकार जनता का पैसा जनता पर ही खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी पैसे से सरकारी स्कूल, सड़कें, आम आदमी क्लीनिक, स्वास्थ्य योजनाएं और खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं।

मान ने कहा कि सरकारों का काम जनता की सेवा करना है। उन्होंने दावा किया कि उनकी सरकार पिछली सरकारों की तरह जनता का पैसा नहीं लूट रही, बल्कि उसे लोगों की सुविधाओं और विकास कार्यों पर खर्च कर रही है।

600 से अधिक युवाओं को जल्द मिलेंगे नियुक्ति पत्र

नियुक्तियों को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरियां मेरिट के आधार पर दी जा रही हैं। उन्होंने दावा किया कि भर्ती प्रक्रिया में सिफारिश या पैसे की कोई भूमिका नहीं है।

मान के मुताबिक, 600 से अधिक और युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाने हैं। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह इन युवाओं को भी नौकरी के नियुक्ति पत्र सौंप दिए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त युवाओं से ईमानदारी के साथ काम करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *