जालंधर में हनी सिंह के भतीजे दिवित ओलक का अंतिम संस्कार, पिता ने दी मुखाग्नि; पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियां हुईं भावुक
जालंधर में स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक के बेटे दिवित ओलक का मंगलवार को अंतिम संस्कार किया गया। मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में पिता दिनेश ओलक ने बेटे की चिता को मुखाग्नि दी। दिवित को अंतिम विदाई देने के लिए पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां पहुंचीं। इस दौरान श्मशान घाट में गमगीन माहौल रहा और परिवार के साथ मौजूद कलाकार भी अपने आंसू नहीं रोक सके।
अंतिम संस्कार में सिंगर हनी सिंह, बब्बू मान, सतिंदर सरताज, रंजीत बावा, जी खान और गिप्पी ग्रेवाल सहित कई कलाकार शामिल हुए। गिप्पी ग्रेवाल और जैजी बी ने दिवित की अर्थी को कंधा दिया।
बब्बू मान के गले लगकर रोए दिनेश ओलक
दिवित को अंतिम विदाई देते समय परिवार और दोस्तों का दर्द साफ दिखाई दिया। स्पीड रिकॉर्ड्स के मालिक दिनेश ओलक सिंगर बब्बू मान के गले लगकर फूट-फूटकर रोने लगे। वहीं, सतिंदर सरताज समेत मौजूद कई कलाकार भी भावुक नजर आए। हनी सिंह सहित अन्य कलाकारों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
बड़े भाई के कनाडा से लौटने के बाद हुआ अंतिम संस्कार
दिवित ओलक की शनिवार रात एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के समय वह दोस्तों के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गया था। पार्टी के बाद दोस्तों के बीच कार रेस लगाने की बात सामने आई। इसी दौरान दिवित की कार ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई।
इस हादसे में दिवित और उसके एक दोस्त की जान चली गई। दिवित का बड़ा भाई कनाडा में रहता है। उसके भारत लौटने के बाद मंगलवार को मॉडल टाउन स्थित श्मशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री की हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
दिवित की अंतिम विदाई में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। पंजाबी संगीत जगत से जुड़े कलाकारों की मौजूदगी ने परिवार के प्रति उनकी संवेदना और करीबी रिश्ते को दिखाया। अंतिम संस्कार के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा और सभी ने दिवित को नम आंखों से विदाई दी।




