तरनतारन में CM भगवंत मान का विपक्ष पर हमला, बोले- माझे में AAP करेगी बड़ा उलटफेर

तरनतारन में CM भगवंत मान ने विपक्ष पर साधा निशाना, बोले- अकाली दल, BJP और कांग्रेस ने पंजाब को लूटा

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने तरनतारन जिले के पट्टी विधानसभा क्षेत्र के गांव सभरा में आयोजित लोक संपर्क मिलनी-कम-रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने शिरोमणि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन पार्टियों के नेताओं ने माझे समेत पूरे पंजाब को लूटा है। मान ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी माझे की राजनीति में बड़ा उलटफेर करेगी।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने गांव सभरा के विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये का चेक भी दिया।

वल्टोहा, मजीठिया और लगाह का नाम लेकर विपक्ष पर हमला

रैली को संबोधित करते हुए भगवंत मान ने विपक्षी नेताओं पर राजनीतिक स्वार्थ के लिए जनता का नुकसान करने का आरोप लगाया। उन्होंने वल्टोहा, मजीठिया और लगाह का नाम लेते हुए कहा कि इन नेताओं ने अपने हितों को प्राथमिकता दी।

मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि अकाली दल, भाजपा और कांग्रेस आपस में मिले हुए हैं और इनका उद्देश्य आम आदमी पार्टी की सरकार को कमजोर करना है। उनके मुताबिक, विपक्ष के पास जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है।

‘घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाईं’

मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद से सरकार ने विकास और आम लोगों को सुविधाएं देने पर ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली, पेंशनधारकों को समय पर पेंशन और लोगों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

मान के अनुसार, अब लोगों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। उन्होंने दावा किया कि घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के बिल जीरो आ रहे हैं।

इसके अलावा उन्होंने किसानों और आम लोगों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा का भी उल्लेख किया।

नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने का दावा

नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने दावा किया कि अब तक हजारों नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

मान ने कहा कि पंजाब से नशे के कारोबार को खत्म करना सरकार की प्राथमिकता है और इस अभियान में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

‘माझे में AAP करेगी बड़ा राजनीतिक उलटफेर’

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में आम आदमी पार्टी माझे में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, किसानों और आम लोगों की भलाई के लिए काम कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान आम आदमी पार्टी के हलका इंचार्ज जस्सा पट्टी ने रैली में पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *