Nangal Water Crisis: 20 साल पुरानी पानी की समस्या का समाधान
नंगल/रूपनगर: रूपनगर जिले के नंगल के वार्ड नंबर-1 स्थित वर्मला गांव के लोगों को लंबे समय से चली आ रही पेयजल समस्या से राहत मिलने की उम्मीद जगी है। करीब दो दशकों से पानी की कमी का सामना कर रहे गांव में नया बोर सफल होने के बाद अब पानी की सप्लाई को बेहतर करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है।
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने नए बोर का उद्घाटन कर इसे गांववासियों को समर्पित किया। इसके शुरू होने से गांव में रोजाना पानी पहुंचाने के लिए लगाए जाने वाले टैंकरों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है।
रोजाना भेजे जाते थे 3 से 4 पानी के टैंकर
पानी की कमी के चलते नगर कौंसिल की ओर से गांव में प्रतिदिन करीब 3 से 4 पानी के टैंकर भेजे जाते थे। लंबे समय से ग्रामीणों को घरेलू जरूरतों के लिए टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा था।
ग्रामीणों की करीब 20 साल पुरानी मांग को देखते हुए नए बोर की व्यवस्था की गई। मंत्री बैंस के अनुसार, इससे पहले भी दो अलग-अलग स्थानों पर बोर करने के प्रयास किए गए थे, लेकिन दोनों प्रयास सफल नहीं हो सके। तीसरी कोशिश में बोर सफल हुआ।
पेयजल संकट से मिलेगी राहत
उद्घाटन के दौरान मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि नए बोर के चालू होने से गांव में पीने के पानी की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है। इससे ग्रामीणों को बार-बार पानी के टैंकरों का इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को उनके घरों के नजदीक जरूरी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। नए बोर को इसी दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
ग्रामीणों ने जताया आभार
गांववासियों ने बताया कि पानी की समस्या पिछले करीब दो दशकों से उनके लिए बड़ी परेशानी बनी हुई थी। गर्मी और जरूरत के समय टैंकरों पर निर्भरता के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
नए बोर के शुरू होने के बाद ग्रामीणों ने राहत की उम्मीद जताई और समस्या का समाधान करवाने के लिए कैबिनेट मंत्री का धन्यवाद किया।
मंदिर में लोगों से मिले मंत्री
बोर के उद्घाटन के बाद मंत्री बैंस ने गांव के राधा कृष्ण मंदिर में लोगों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने उन्हें अपनी अन्य समस्याओं और मांगों से अवगत करवाया। मंत्री ने जायज मांगों पर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।
ये लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला प्रधान डॉ. संजीव गौतम, नगर कौंसिल नंगल प्रधान किरण बाला, सुमित अग्नि संदल, दिलबाग सिंह चंदेल, सरपंच अमरीक सिंह, जगीरी लाल, दर्शन सिंह, जनकराज, जस्सा, जगतार सिंह पंच, एम.वी. युद्धवीर सिंह, एसडीओ मनजीत सिंह, जेई जोशी और सुपरवाइजर दिनेश समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

