पंजाब में जनगणना का दूसरा चरण शुरू, 40 सवालों के जरिए जुटाई जाएगी जानकारी; घर बैठे ऑनलाइन भर सकेंगे फॉर्म
पंजाब में जनगणना के दूसरे चरण की प्रक्रिया 16 नवंबर से शुरू हो गई है। इस चरण में परिवार के प्रत्येक सदस्य से जुड़ी व्यक्तिगत जानकारी जुटाई जाएगी। इसके लिए लोगों से कुल 40 सवाल पूछे जाएंगे, जिनमें धर्म, जाति, वैवाहिक स्थिति, बैंक खाते और घर बदलने के कारण जैसी जानकारियां शामिल होंगी।
यह प्रक्रिया 30 नवंबर तक चलेगी। इस दौरान लोग घर बैठे ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से सरकारी कर्मचारी घर-घर जाकर दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।
घर बैठे ऑनलाइन जनगणना फॉर्म कैसे भरें?
ऑनलाइन स्वगणना के लिए लोगों को आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in पर जाना होगा। फॉर्म भरने की प्रक्रिया इस प्रकार है:
- पोर्टल खोलें: सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर स्वगणना के विकल्प को चुनें। यह सुविधा 16 से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।
- राज्य चुनें: State/UT के ड्रॉपडाउन में Punjab का चयन करें और स्क्रीन पर दिया गया CAPTCHA भरें।
- रजिस्ट्रेशन करें: परिवार के मुखिया का नाम और सक्रिय मोबाइल नंबर दर्ज करें। मोबाइल पर आए OTP के जरिए नंबर को सत्यापित करें। एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया जा सकेगा। फॉर्म सबमिट होने के बाद मुखिया का नाम नहीं बदला जा सकेगा।
- पता और लोकेशन दर्ज करें: जिला, शहर या गांव, मोहल्ला, लैंडमार्क और पिन कोड भरें। इसके बाद डिजिटल मैप पर अपने मकान की सही लोकेशन मार्क करें। इस प्रक्रिया के लिए लैपटॉप या कंप्यूटर का इस्तेमाल सुविधाजनक हो सकता है।
- परिवार की जानकारी भरें: परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब सावधानी से दें। सुनिश्चित करें कि दर्ज की गई जानकारी सही और पूरी हो।
- फॉर्म जांचकर सबमिट करें: सभी जानकारियों को दोबारा जांचने के बाद फॉर्म जमा करें।
- SE ID सुरक्षित रखें: फॉर्म जमा होने के बाद मिलने वाली Self Enumeration ID को संभालकर रखें। 1 दिसंबर से घर आने वाले गणनाकर्मी को यह आईडी दिखानी होगी।
तीन चरणों में पूरी होगी जनगणना की प्रक्रिया
जनगणना से जुड़ी यह प्रक्रिया तीन चरणों में पूरी की जाएगी।
- पहला चरण (16 से 30 नवंबर): इस अवधि में लोग आधिकारिक पोर्टल के जरिए घर बैठे 40 सवालों के जवाब भर सकेंगे। फॉर्म जमा होने के बाद उन्हें एक यूनिक रेफरेंस नंबर यानी SE ID मिलेगी।
- दूसरा चरण (1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027): जो परिवार ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म नहीं भरेंगे, उनके घर सरकारी कर्मचारी पहुंचेंगे। कर्मचारी परिवार के सदस्यों से सवाल पूछकर उनकी जानकारी दर्ज करेंगे। ऑनलाइन फॉर्म भरने वाले परिवारों की जानकारी का भी सत्यापन किया जाएगा।
- तीसरा चरण (5 से 9 जनवरी 2027): इस दौरान छूटे हुए लोगों को जनगणना में शामिल करने और दर्ज जानकारी में गलतियां सुधारने का काम किया जाएगा।
घर आए गणनाकर्मी को दिखानी होगी SE ID
जो लोग ऑनलाइन स्वगणना फॉर्म भरेंगे, उन्हें अपनी SE ID सुरक्षित रखनी होगी। 1 दिसंबर से घर आने वाले सरकारी कर्मचारी को यह आईडी दिखानी होगी, ताकि ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जा सके।
जो लोग ऑनलाइन फॉर्म नहीं भर पाएंगे, उनके घर जाकर गणनाकर्मी स्वयं जानकारी दर्ज करेंगे। इसलिए सभी परिवारों को अपनी जानकारी सही और पूरी देने की सलाह दी गई है।

