पंजाब दौरे पर आएंगे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, 18 नवंबर को डेरा बल्लां में जनसभा

पंजाब दौरे पर आएंगे BJP अध्यक्ष नितिन नवीन, 18 नवंबर को डेरा सचखंड बल्लां में करेंगे जनसभा

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 18 नवंबर को पंजाब दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां के पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘समरसता यात्रा’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

जनसभा में 50 से 60 हजार लोगों के जुटने की तैयारी

नितिन नवीन के दौरे को लेकर भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनसभा के लिए डेरा सचखंड बल्लां के नजदीक गांव रायपुर रसूलपुर में विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। आयोजकों के मुताबिक, पंडाल में करीब 50 से 60 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है।

कुर्सियों और अन्य जरूरी सामान की व्यवस्था की जा चुकी है। आयोजकों का दावा है कि 17 नवंबर की रात 8 बजे तक पंडाल तैयार हो जाएगा।

सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी समरसता यात्रा

जनसभा को संबोधित करने के बाद नितिन नवीन समरसता यात्रा को रवाना करेंगे। संत गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती को समर्पित यह यात्रा जालंधर से शुरू होगी और 5 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के वाराणसी में संपन्न होगी।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, यात्रा पंजाब, चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से होकर गुजरेगी। इस दौरान 46 प्रमुख शहरों को कवर करते हुए सामाजिक सद्भाव का संदेश देने की योजना है।

पंजाब की राजनीति में डेरा सचखंड बल्लां का महत्व

पंजाब की राजनीति में रविदासिया समुदाय की अहम भूमिका मानी जाती है। संत गुरु रविदास जी की शिक्षाओं का अनुसरण करने वाले इस समुदाय का प्रमुख आध्यात्मिक केंद्र जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां है। सामाजिक और क्षेत्रीय राजनीति में भी डेरे का प्रभाव माना जाता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हाल ही में डेरा सचखंड बल्लां का दौरा कर चुके हैं। ऐसे में नितिन नवीन का पंजाब दौरा और समरसता यात्रा भाजपा के जनसंपर्क अभियान के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। चुनावी राज्य पंजाब में पार्टी अपनी राजनीतिक गतिविधियां तेज कर रही है और इस कार्यक्रम को रविदासिया समुदाय तक पहुंच बनाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *