चंडीगढ़: नाके पर हंगामा करने वाले युवक अब संभाल रहे ट्रैफिक, कोर्ट ने दी अनोखी सजा
चंडीगढ़: ड्रंक एंड ड्राइव चेकिंग के दौरान पुलिस से बहस और हंगामा करने वाले तीन युवक अब ट्रैफिक पुलिस के साथ लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश देते नजर आए। मंगलवार को सेक्टर-16 स्थित मटका चौक पर तीनों युवक हाथों में “Don’t Drink and Drive” लिखी तख्तियां लेकर ट्रैफिक व्यवस्था संभालते दिखाई दिए।
यह कार्रवाई अदालत के उस आदेश के तहत हो रही है, जिसमें आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना, तीन महीने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने और चार दिन तक प्रतिदिन दो घंटे ट्रैफिक पुलिस के साथ ड्यूटी करने की सजा सुनाई गई थी।
युवकों ने मानी गलती
मीडिया से बातचीत में युवकों ने स्वीकार किया कि उन्होंने शराब पी रखी थी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि शराब पीकर वाहन नहीं चलाना चाहिए, क्योंकि इससे न केवल अपनी बल्कि दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
क्या था मामला?
5 जुलाई की रात सेक्टर-34/35 डिवाइडिंग रोड पर लगाए गए ड्रंक एंड ड्राइव नाके पर पुलिस ने एक फॉर्च्यूनर गाड़ी को जांच के लिए रोका था। गाड़ी में तीन युवक सवार थे, जिनमें से दो शराब के नशे में थे। जांच के दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों से बहस की और मौके पर करीब तीन घंटे तक हंगामा चलता रहा।
बाद में सेक्टर-36 थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार चालक के शरीर में 238 mg अल्कोहल पाया गया था।
वीडियो देखने के बाद कोर्ट सख्त
मामले की सुनवाई के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने पूरी घटना का वीडियो अदालत में पेश किया। वीडियो देखने के बाद अदालत ने आरोपियों के व्यवहार पर नाराजगी जताई और आर्थिक दंड के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाली यह अनोखी सजा सुनाई।
इस कार्रवाई का उद्देश्य केवल दंड देना नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को “ड्रिंक एंड ड्राइव” के खतरों से आगाह करना भी है।

