चंडीगढ़ में अवैध हथियार तस्करी गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार; देसी कट्टे और कारतूस बरामद

चंडीगढ़: शहर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल ने एक अंतरराज्यीय हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो देसी कट्टे, एक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मौलीजागर निवासी अभिषेक (23), डड्डूमाजरा निवासी विकास उर्फ भट्टी (20) और मनीमाजरा निवासी तैयब उर्फ चेतन (20) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की शुरुआत 8 जून को हुई, जब ऑपरेशन सेल की टीम ने फेज-2 के पास से अभिषेक को एक अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ हिरासत में लिया। पूछताछ के लिए उसे पुलिस रिमांड पर लिया गया, जहां उससे कई अहम जानकारियां सामने आईं।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 10 जून को सेक्टर-43 स्थित सीटीयू वर्कशॉप के पीछे से विकास उर्फ भट्टी को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक देसी कट्टा बरामद हुआ।

इसके बाद पुलिस ने 15 जून को किशनगढ़ चौकी के नजदीक स्लिप रोड से तैयब उर्फ चेतन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से भी एक देसी कट्टा बरामद किया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी अभिषेक के खिलाफ पहले से 19 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य संभावित सदस्यों और हथियारों की सप्लाई चेन की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *