फतेहगढ़ साहिब में नकली देसी घी की फैक्ट्री पकड़ी, ब्रांडेड डिब्बों में भरकर हो रही थी बिक्री
पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली देसी घी बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है। रविवार रात खमानों के वार्ड नंबर-8 स्थित बिलासपुर रोड पर की गई छापेमारी के दौरान टीम ने 286 लीटर तैयार नकली देसी घी बरामद किया।
कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 600 किलो वनस्पति घी, 420 किलो सोयाबीन तेल और अन्य केमिकल भी जब्त किए गए। इसके अलावा घी तैयार करने और पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली मशीनें, खाली डिब्बे तथा ब्रांडेड कंपनियों के लेबल भी कब्जे में लिए गए हैं।
ब्रांडेड कंपनी के नाम पर बेचा जा रहा था नकली घी
जांच में सामने आया कि फैक्ट्री में तैयार किए जा रहे नकली देसी घी को ब्रांडेड कंपनियों के डिब्बों में भरकर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। इस तरह ग्राहकों को असली ब्रांडेड घी के नाम पर मिलावटी उत्पाद बेचे जाने का आरोप है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, फैक्ट्री का संचालन लुधियाना निवासी अतुल कुमार कर रहा था। खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की टीम अब इस बात की जांच कर रही है कि यहां तैयार नकली घी की सप्लाई किन-किन बाजारों और दुकानों में की जा रही थी।
त्योहारी सीजन को देखते हुए विशेष अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड सेफ्टी अफसर संदीप सिंह ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस के सहयोग से खमानों स्थित फैक्ट्री पर छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में वनस्पति घी, सोयाबीन तेल और अन्य सामग्री मिलाकर नकली देसी घी तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
सैंपल जांच के लिए लैब भेजे, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू
छापेमारी के दौरान बरामद नकली घी और अन्य सामग्री के सैंपल लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद उत्पाद की गुणवत्ता और उसमें इस्तेमाल किए गए पदार्थों के बारे में स्थिति स्पष्ट होगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, आरोपी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। विभाग ने त्योहारी सीजन के दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए जांच और छापेमारी अभियान जारी रखने की बात कही है।

