बठिंडा: किस्मत कब और कैसे बदल जाए, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के एक कैब चालक की जिंदगी उस समय बदल गई, जब उन्होंने पंजाब स्टेट डियर समर स्पेशल बंपर लॉटरी में 3 करोड़ रुपये का पहला पुरस्कार जीत लिया।
जानकारी के अनुसार, कांगड़ा जिले के सथाना गांव निवासी कल्याण चंद कुछ दिन पहले एक यात्री को छोड़ने के लिए बठिंडा आए थे। इसी दौरान उन्होंने शौकिया तौर पर एक ही नंबर की दो लॉटरी टिकटें खरीदीं। हाल ही में घोषित परिणामों में उनकी एक टिकट पर 3 करोड़ रुपये का पहला इनाम निकल आया।
शुक्रवार को अपने परिवार के साथ बठिंडा पहुंचे कल्याण चंद ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके और उनके परिवार के लिए बेहद खास पल है। उन्होंने बताया कि एक सामान्य यात्रा के दौरान खरीदी गई लॉटरी टिकट ने उनकी जिंदगी में नई उम्मीदें जगा दी हैं।
कल्याण चंद ने बताया कि वह इस इनामी राशि का उपयोग अपने परिवार की भलाई और सामाजिक कार्यों में करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके दिवंगत पिता द्वारा गांव में बनवाई गई एक पुरानी सराय (धर्मशाला) अब जर्जर हो चुकी है। वह सबसे पहले उसका पुनर्निर्माण करवाना चाहते हैं, ताकि अपने पिता की स्मृतियों को संजोया जा सके और गांव के लोगों को भी इसका लाभ मिल सके।
उल्लेखनीय है कि पंजाब स्टेट डियर समर स्पेशल बंपर लॉटरी का पहला पुरस्कार 3 करोड़ रुपये का था। इस बंपर लॉटरी की एक टिकट की कीमत 500 रुपये निर्धारित की गई थी।
कल्याण चंद की यह कहानी इस बात का उदाहरण बन गई है कि कभी-कभी एक साधारण यात्रा और एक छोटा-सा फैसला भी जिंदगी में बड़ा बदलाव लेकर आ सकता है।

