होशियारपुर में दामाद ने सास को टेंपो ट्रैवलर से कुचला, मौके पर मौत; पड़ोसी की टांग कटी
पत्नी को मनाने ससुराल पहुंचा था आरोपी, पारिवारिक विवाद के दौरान हुई वारदात; घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया
होशियारपुर: पंजाब के होशियारपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर अपनी सास की टेंपो ट्रैवलर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगा है। घटना मोहल्ला न्यू दीप नगर की है। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी पत्नी को मनाने के लिए ससुराल पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान उसने कथित तौर पर वाहन सास पर चढ़ा दिया। हादसे में बीच-बचाव करने आए एक पड़ोसी का पैर भी बुरी तरह कुचल गया।
वारदात के बाद आरोपी वाहन को रास्ते में छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना पुरहीरां की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पत्नी से विवाद के बाद बढ़ा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, गांव भागोवाल का रहने वाला बलजीत सिंह टेंपो ट्रैवलर लेकर अपने ससुराल मोहल्ला न्यू दीप नगर पहुंचा था। उसकी पत्नी रशपाल कौर काफी समय से अपने मायके में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि ससुराल पहुंचने के बाद बलजीत सिंह और उसकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ता देख पड़ोसी जसवीर सिंह ने बीच-बचाव करने और आरोपी को समझाने की कोशिश की।
सास पर चढ़ाया टेंपो ट्रैवलर, मौके पर मौत
आरोप है कि विवाद के दौरान गुस्से में आए बलजीत सिंह ने अपना टेंपो ट्रैवलर स्टार्ट किया और अपनी सास पर चढ़ा दिया। वाहन के नीचे कुचले जाने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
इस दौरान बीच-बचाव कर रहे जसवीर सिंह भी वाहन की चपेट में आ गए। उनका पैर बुरी तरह कुचल गया और शरीर से अलग हो गया। घायल जसवीर सिंह को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस ने वाहन कब्जे में लिया, आरोपी की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही थाना पुरहीरां के प्रभारी राजेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने टेंपो ट्रैवलर को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। वारदात के बाद से फरार बलजीत सिंह की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

