एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल आज, भारत-जापान के बीच शाम 7 बजे खिताबी मुकाबला
हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला आज भारत और जापान के बीच खेला जाएगा। मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम में शाम 7 बजे दोनों टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है। अब घरेलू मैदान पर टीम इंडिया की नजर ट्रॉफी जीतने पर रहेगी।
मोहाली का यह स्टेडियम पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय हॉकी मुकाबले की मेजबानी कर रहा है। सेमीफाइनल मैचों के बाद अब यहां होने वाला फाइनल भी खास माना जा रहा है। दर्शकों को भारतीय टीम से एक और दमदार प्रदर्शन की उम्मीद है।
दक्षिण कोरिया को 8-1 से हराकर फाइनल में पहुंचा भारत
भारत ने बुधवार को खेले गए सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया को 8-1 से शिकस्त दी। मुकाबले के चौथे मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने फील्ड गोल कर भारत को बढ़त दिलाई। हालांकि, नौवें मिनट में संजुन हान ने गोल करके स्कोर बराबर कर दिया।
इसके तुरंत बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को फिर बढ़त दिलाई। 13वें मिनट में शिलानंद लाकड़ा ने पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल किया।
इसके बाद भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार गोल दागे। सुखजीत सिंह और दिलप्रीत सिंह ने 21वें मिनट में गोल किए, जबकि 25वें मिनट में दिलप्रीत ने एक और गोल कर दिया। 36वें मिनट में अंगद बीर सिंह ने सातवां और 54वें मिनट में विवेक सागर प्रसाद ने आठवां गोल दागा। इस तरह भारत ने मुकाबला 8-1 से अपने नाम कर लिया।
शूटआउट में मलेशिया को हराकर फाइनल में पहुंचा जापान
दूसरे सेमीफाइनल में जापान और मलेशिया के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में जापान ने 5-3 से जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई।
अब खिताबी मुकाबले में भारत और जापान आमने-सामने होंगे, जबकि तीसरे स्थान के लिए मलेशिया और दक्षिण कोरिया के बीच मुकाबला खेला जाएगा।
चीन ने बांग्लादेश को हराकर पांचवां स्थान हासिल किया
टूर्नामेंट के एक अन्य मुकाबले में चीन ने बांग्लादेश को 3-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। चीन की ओर से यूलाई झाओ ने 10वें, याकी वांग ने 18वें और कप्तान चोंगकोंग चेन ने 22वें मिनट में गोल किया।
बांग्लादेश की तरफ से शोहानुर मोहम्मद रहमान ने 48वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर एकमात्र गोल किया।
फाइनल मुकाबले की जानकारी
-
मुकाबला: भारत बनाम जापान
-
तारीख: 5 नवंबर 2026
-
समय: शाम 7 बजे
-
स्थान: ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर इंटरनेशनल हॉकी स्टेडियम, मोहाली
-
लाइव प्रसारण: स्टार स्पोर्ट्स 2
-
लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार

