पंजाब-चंडीगढ़ में अगले 3 दिन कोहरे का अलर्ट, दिवाली तक मौसम रहेगा साफ; फरीदकोट में पारा 13.4 डिग्री पहुंचा
पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। सुबह और रात के समय तापमान में गिरावट के कारण ठंड का अहसास हो रहा है, जबकि दिन में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक राज्य के कुछ इलाकों में सुबह और रात के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई है।
5 नवंबर को पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिवाली पर भी मौसम साफ रहने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों की ओर से उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बनी रहेगी।
अगले 6 दिन बारिश की संभावना नहीं
मौसम विभाग के अनुसार, पंजाब में अगले छह दिनों तक मौसम शुष्क रह सकता है। इसके बाद 10 नवंबर के बाद राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने की संभावना बन रही है।
पिछले 24 घंटों में पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य के करीब बना हुआ है। राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान रोपड़ में 32.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
सुबह और रात को कोहरे से प्रभावित हो सकती है दृश्यता
मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक पंजाब के कुछ स्थानों पर सुबह और रात के समय हल्के से मध्यम कोहरे की चेतावनी दी है। इससे सुबह के समय सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है।
इससे पहले 3 नवंबर को अमृतसर और चंडीगढ़ में भी कोहरा दर्ज किया गया था। ऐसे में वाहन चालकों को सुबह जल्दी और देर रात यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
मोहाली में रातें गर्म, फरीदकोट में सबसे कम तापमान
पंजाब और चंडीगढ़ के अलग-अलग शहरों में न्यूनतम तापमान में अंतर देखने को मिला है। मोहाली में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदकोट में पारा गिरकर 13.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान इस प्रकार रहा:
- मोहाली: 17 डिग्री सेल्सियस
- अमृतसर: 15.5 डिग्री सेल्सियस
- पटियाला: 15 डिग्री सेल्सियस
- लुधियाना: 14.7 डिग्री सेल्सियस
- चंडीगढ़: 14.4 डिग्री सेल्सियस
- फरीदकोट: 13.4 डिग्री सेल्सियस
वहीं, दिन के तापमान में रोपड़ 32.9 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा।
दिवाली तक साफ रहेगा मौसम
फिलहाल मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, दिवाली तक पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की संभावना नहीं है। दिन में धूप और सुबह-शाम ठंडी हवाओं का असर बना रहेगा। हालांकि, अगले तीन दिनों तक कुछ इलाकों में कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

