पटियाला में तेजी से फैल रहा पीलिया, 16 संदिग्ध मामले सामने आए; 5 मरीज अस्पताल में भर्ती
पटियाला: पंजाब के पटियाला शहर में पीलिया (हैपेटाइटिस-ए) के मामले तेजी से सामने आने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक 5 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 16 संदिग्ध मामलों की पहचान की गई है। प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए इलाके में निगरानी और जांच तेज कर दी है।
डोगरा मोहल्ला में सामने आए मामले
कार्यकारी सिविल सर्जन डॉ. कुशलदीप गिल ने बताया कि संक्रमण के मामले सरहिंदी गेट के पास स्थित डोगरा मोहल्ला क्षेत्र से सामने आए हैं। इस क्षेत्र में करीब 1,119 लोग 243 घरों में रहते हैं।
10 जून को माता कौशल्या अस्पताल, पटियाला की आईडीएसपी लैब से प्राप्त रिपोर्ट में डोगरा मोहल्ला के दो मरीजों में हैपेटाइटिस-ए और एक मरीज में हैपेटाइटिस-ई की पुष्टि हुई थी। इसके अलावा दो अन्य मरीजों में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
4 से 48 वर्ष आयु वर्ग के लोग प्रभावित
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अब तक सामने आए 16 संदिग्ध मरीजों की उम्र 4 वर्ष से 48 वर्ष के बीच है। फिलहाल 5 मरीज विभिन्न अस्पतालों में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।
दूषित पानी से संक्रमण फैलने की आशंका
प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि संक्रमण दूषित पानी के कारण फैला हो सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्र के पानी के नमूनों की जांच शुरू कर दी है।
कल शाम पांच एच-2-एस पानी के नमूने एकत्र किए गए थे, जबकि आज पांच अन्य नमूने लेकर सरकारी प्रयोगशाला, खरड़ भेजे गए हैं।
रक्त नमूनों की भी जांच जारी
स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित मरीजों के रक्त नमूने भी जांच के लिए लिए हैं। कल चार रक्त नमूनों की जांच की गई, जिनमें से तीन हैपेटाइटिस-ए पॉजीटिव पाए गए। आज चार और रक्त नमूने एकत्र किए गए हैं, जिनकी रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से की सावधानी बरतने की अपील
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से उबला हुआ या साफ पानी पीने, खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। साथ ही डोगरा मोहल्ला और आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और घर-घर जाकर लोगों की जांच की जा रही है।

