पटियाला में टूटे पुल की होगी एक्सपर्ट जांच, NHAI से मांगा गया निर्माण से जुड़ा रिकॉर्ड

पटियाला में टूटे पुल की होगी विशेषज्ञों से जांच, DC ने NHAI और वाटर रिसोर्स विभाग से मांगा रिकॉर्ड; ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई

पटियाला: पटियाला में नेशनल हाईवे-7 पर स्टील पुल टूटने के मामले की राज्य सरकार विशेषज्ञों की टीम से जांच करवाएगी। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) और वाटर रिसोर्स विभाग को पुल से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। विशेषज्ञ कमेटी की जांच के दौरान दोनों विभागों को सभी संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाने होंगे।

इसके साथ ही DC ने रीजनल ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी (RTA) को पूरे जिले में ओवरलोड वाहनों की विशेष जांच करने और रोजाना कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।

पुल टूटने से भाखड़ा नहर के किनारे को खतरा

पुल टूटने के बाद भाखड़ा नहर के किनारे को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। जिस हिस्से में ट्रक धंसे हैं, वहां का ढांचा धीरे-धीरे जमीन में धंस रहा है। इससे नहर का किनारा टूटने का खतरा पैदा हो गया है।

स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने मौके पर मिट्टी और रेत की बोरियां लगवाई हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि नहर का किनारा टूटता है तो आसपास के तीन से चार गांवों में पानी भर सकता है।

स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि पुल के ज्वाइंट पर जंग लगने के कारण गार्डर टूटा। हालांकि, पुल टूटने की असली वजह विशेषज्ञों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

DC ने जारी किए सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के निर्देश

डिप्टी कमिश्नर ने अलग-अलग विभागों को सुरक्षा, यातायात और राहत से जुड़े निर्देश जारी किए हैं।

  • घटनास्थल की बैरिकेडिंग: पटियाला के SSP को घटनास्थल पर बैरिकेडिंग करवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि कोई भी व्यक्ति खतरनाक हिस्से की ओर न जा सके।
  • ट्रैफिक एडवाइजरी: जिला जनसंपर्क अधिकारी (DPRO) को रास्ता बंद होने और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी देने के लिए सार्वजनिक एडवाइजरी जारी करने को कहा गया है।
  • ट्रैफिक डायवर्जन: SDM पटियाला और DSP ट्रैफिक मिलकर अलग-अलग स्थानों पर यातायात को वैकल्पिक रास्तों से भेजेंगे। NHAI को इन रास्तों पर साइनेज और लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ओवरलोड वाहनों की जांच: RTA पटियाला NH-7 और डायवर्जन मार्गों पर ओवरलोड वाहनों की विशेष चेकिंग करेगा। इसकी रिपोर्ट रोजाना DC को भेजनी होगी।
  • नहर की सुरक्षा: वाटर रिसोर्स विभाग को NHAI के साथ मिलकर पुल का मलबा जल्द हटवाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि नहर के किनारे को नुकसान न पहुंचे। आपात स्थिति से निपटने के लिए मिट्टी और रेत की बोरियां तैयार रखने को भी कहा गया है।

पुल निर्माण से अब तक का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने के आदेश

DC हिमांशु जैन ने NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और वाटर रिसोर्स विभाग को पुल से संबंधित सभी दस्तावेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए हैं। इसमें पुल के निर्माण से लेकर अब तक का पूरा रिकॉर्ड शामिल होगा।

राज्य सरकार की ओर से गठित होने वाली विशेषज्ञ कमेटी जांच के दौरान यह रिकॉर्ड हासिल करेगी। इसके आधार पर पुल टूटने के कारणों और संबंधित पहलुओं की जांच की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *