Punjab News: PM मोदी आज जालंधर दौरे पर, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन; 5,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की देंगे सौगात

PM मोदी आज जालंधर दौरे पर, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन समेत 5,470 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का करेंगे उद्घाटन

जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पंजाब के जालंधर दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे 125 करोड़ रुपये की लागत से पुनर्विकसित जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही प्रधानमंत्री 5,470 करोड़ रुपये से अधिक की रेल और सड़क अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।

सरकार के अनुसार इन परियोजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में कनेक्टिविटी को मजबूत करना, यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना और आर्थिक विकास को गति देना है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 75 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन

प्रधानमंत्री अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन सहित देशभर के 75 पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों का आधुनिकीकरण लगभग 1,570 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है।

इन स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं से लैस किया गया है। साथ ही इनके डिजाइन में स्थानीय संस्कृति, विरासत और वास्तुकला को भी शामिल किया गया है, ताकि “विरासत भी, विकास भी” की अवधारणा को बढ़ावा मिल सके।

वाराणसी के लिए नई ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान वाराणसी के लिए नई ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इससे यात्रियों की सुविधा बढ़ने और रेल संपर्क को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन परिसर में वॉटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है, जहां वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

पिछले कई दिनों से जिला प्रशासन और संबंधित एजेंसियां कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हुई हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पंजाब पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) ने भी मोर्चा संभाल रखा है। स्टेशन और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है, जबकि ऊंची इमारतों पर भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है।

ट्रैफिक डायवर्जन और विशेष इंतजाम

प्रधानमंत्री के दौरे के मद्देनजर शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है। प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल के आसपास सड़क मरम्मत, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। पूरे क्षेत्र को सजाया गया है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर करीब 3:30 बजे जालंधर पहुंचेंगे, जहां वे उद्घाटन कार्यक्रम में भाग लेने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *