पंजाब दौरे पर 17 जुलाई को आएंगे PM मोदी, 4 आधुनिक रेलवे स्टेशनों का करेंगे उद्घाटन
जालंधर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को पंजाब दौरे पर आएंगे। भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के अनुसार, प्रधानमंत्री दोपहर करीब 3:00 बजे अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत राज्य के चार पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन करेंगे।
जालंधर कैंट स्टेशन का करेंगे उद्घाटन
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का उद्घाटन स्वयं करेंगे। वहीं एस.ए.एस. नगर (मोहाली), श्री मुक्तसर साहिब और श्री आनंदपुर साहिब रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस किए गए स्टेशन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि इन रेलवे स्टेशनों को आधुनिक और यात्री-अनुकूल परिवहन केंद्रों के रूप में विकसित किया गया है। पुनर्विकास कार्यों के तहत यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, विशाल कॉनकोर्स, उन्नत प्लेटफॉर्म, लिफ्ट, एस्केलेटर, बेहतर पहुंच व्यवस्था और अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही स्टेशनों के विकास में स्थानीय विरासत और स्थापत्य शैली को भी संरक्षित रखा गया है।
अमृत भारत स्टेशन योजना पर जोर
ढिल्लों ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना का उद्देश्य देशभर के रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और यात्रियों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराना है। उनका कहना है कि यह योजना भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
आधारभूत ढांचे के विकास पर केंद्र का फोकस
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार रेल, सड़क, हवाई अड्डों, लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर और अन्य आधारभूत संरचना परियोजनाओं में लगातार निवेश कर रही है। उनके अनुसार, इन चार रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन पंजाब में आधुनिक सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार और राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय या केंद्र सरकार की ओर से कार्यक्रम के विस्तृत आधिकारिक शेड्यूल को लेकर अलग से कोई विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है। फिलहाल घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पंजाब के चार रेलवे स्टेशनों को जनता को समर्पित करेंगे।

