Punjab News: किसान संगठनों के प्रदर्शन के चलते पंजाब के सभी टोल प्लाजा 5 घंटे रहे फ्री, बिना टोल गुजरे वाहन

पंजाब के सभी टोल प्लाजा आज 5 घंटे रहे फ्री, किसान संगठनों के प्रदर्शन के बीच बिना टोल गुजरे वाहन

लुधियाना: भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते के विरोध में मंगलवार को पंजाब के किसान संगठनों ने राज्यभर में विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान नेशनल हाईवे स्थित लाडोवाल टोल प्लाजा सहित पंजाब के विभिन्न टोल प्लाजा को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक टोल मुक्त रखा गया। प्रदर्शन के दौरान वाहन चालकों से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स नहीं लिया गया।

5 घंटे तक बिना टोल गुजरे वाहन

किसान संगठनों के आह्वान पर प्रदर्शनकारियों ने लाडोवाल टोल प्लाजा पर धरना दिया, जिसके चलते पांच घंटे तक सभी वाहन बिना टोल शुल्क दिए गुजरते रहे। किसानों का कहना था कि यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों और भारत-अमेरिका ट्रेड समझौते के विरोध में किया गया।

ट्रेड समझौते का किया विरोध

प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार किसानों के हितों की अनदेखी करते हुए अमेरिका के साथ ऐसे समझौते कर रही है, जिनका सीधा असर कृषि क्षेत्र पर पड़ेगा। उनका कहना था कि पहले से आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहे किसानों पर इस समझौते से अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है।

लैंड पूलिंग पॉलिसी पर भी जताई नाराजगी

किसान नेताओं ने पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग पॉलिसी का भी विरोध किया। उनका कहना था कि जब तक केंद्र और राज्य सरकार किसानों के हित में ठोस फैसले नहीं लेतीं, तब तक उनका आंदोलन और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात

प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने टोल प्लाजा पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए। मौके पर एसीपी वेस्ट जितेंद्र पाल सिंह, थाना लाडोवाल प्रभारी इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह काहलो सहित भारी पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि प्रदर्शन के दौरान किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही।

किसान संगठनों ने संकेत दिए हैं कि यदि उनकी मांगों पर सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *