पंजाब BJP की दिल्ली में अहम बैठक आज, 2027 चुनाव और संगठन विस्तार पर होगा मंथन
पंजाब डेस्क: पंजाब की राजनीति में संगठनात्मक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पंजाब इकाई के चुनिंदा वरिष्ठ नेताओं को शुक्रवार शाम नई दिल्ली में अहम बैठक के लिए बुलाया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह बैठक आने वाले समय की रणनीति तय करने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
संगठन मजबूत करने पर होगा फोकस
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में पंजाब BJP के संगठन को और मजबूत बनाने, विभिन्न पदों पर नई जिम्मेदारियां सौंपने और राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। इसके अलावा वर्ष 2027 में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भी रणनीति पर मंथन होने की संभावना है।
केवल सिंह ढिल्लों की पहली औपचारिक बैठक
प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद यह केवल सिंह ढिल्लों की राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ पहली औपचारिक बैठक होगी। इसी वजह से इस बैठक को विशेष महत्व दिया जा रहा है। चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के बाद केवल सिंह ढिल्लों सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए।
कई वरिष्ठ नेताओं को किया गया तलब
बैठक में पार्टी के संगठन महामंत्री, प्रदेश महासचिव और कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार जिन नेताओं को बैठक के लिए बुलाया गया है, उनमें प्रमुख रूप से ये नाम शामिल हैं—
- केवल सिंह ढिल्लों
- अश्वनी शर्मा
- श्वेत मलिक
- अविनाश राय खन्ना
- अनिल सरीन
- सुनील जाखड़
- विजय सांपला
- मनोरंजन कालिया
2027 चुनाव की तैयारियों पर नजर
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पंजाब में बदलते राजनीतिक समीकरणों और आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए BJP संगठन को नए सिरे से तैयार करने में जुटी है। दिल्ली में होने वाली यह बैठक पार्टी के लिए आगामी रणनीति तय करने और राज्य में संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम साबित हो सकती है।

