पंजाब-चंडीगढ़ में दो दिन घने कोहरे का अलर्ट, सुबह-रात बढ़ेगी ठंड; 26 नवंबर तक बारिश के आसार नहीं
मोहाली: पंजाब और चंडीगढ़ में अगले दो दिनों तक घने कोहरे की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके बाद 26 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा और बारिश के कोई आसार नहीं हैं। इस बीच अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी।
पिछले 24 घंटों के दौरान पंजाब के न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव दर्ज नहीं किया गया। फिलहाल तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में रिकॉर्ड किया गया।
दिन और रात के तापमान में 21 डिग्री तक का अंतर
पंजाब और चंडीगढ़ में इन दिनों दिन और रात के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। दिन में तेज धूप के कारण पारा 30 डिग्री के आसपास पहुंच रहा है, जबकि रात में तापमान गिरकर 7 डिग्री तक आ रहा है।
फरीदकोट में अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां दिन और रात के तापमान में 21.4 डिग्री का अंतर रहा। लुधियाना और बठिंडा में भी यह अंतर 20.6 डिग्री दर्ज किया गया।
चंडीगढ़ में दिन का अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री रहा। वहीं, मोहाली में अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में दोपहर के समय गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सुबह और रात को ठंड का असर बढ़ रहा है।
अगले 2-3 दिनों में तापमान में आएगी गिरावट
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री तक गिर सकता है। इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर और बढ़ने की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का पंजाब-चंडीगढ़ पर बड़ा असर नहीं
उत्तर-पश्चिम भारत के ऊपरी वायुमंडल में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जो पश्चिमी हवाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। इससे पहले सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ पूर्व-उत्तर-पूर्व दिशा की ओर आगे निकल चुका है।
हालांकि, नए पश्चिमी विक्षोभ से पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। फिलहाल चक्रवाती तूफान ‘अकवन’ के प्रभाव से पूर्वी हवाएं चल रही हैं। 22 नवंबर से उत्तरी हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ेगी।

