2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी करेगा पंजाब? CM भगवंत मान ने जताई तैयारी

2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए पंजाब तैयार: CM भगवंत मान बोले- एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की सफलता ने रचा इतिहास

मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 2026 का सफल आयोजन होने के बाद पंजाब सरकार ने अब 2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी की तैयारी का संकेत दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की सफल मेजबानी ने पंजाब के खेल इतिहास में नया अध्याय जोड़ा है और राज्य अब 2030 हॉकी विश्व कप की मेजबानी के लिए तैयार है।

टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने जापान को 4-1 से हराकर खिताब अपने नाम किया। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया और मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस उपलब्धि पर खिलाड़ियों और प्रदेशवासियों को बधाई दी।

भारत ने जापान को 4-1 से हराकर जीता खिताब

फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने जापान को 4-1 से शिकस्त दी। वहीं तीसरे स्थान के मुकाबले में मलेशिया ने दक्षिण कोरिया को हराया।

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने विजेता भारतीय खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक पहनाकर सम्मानित किया। अपने करियर का 200वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी हार्दिक सिंह को मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने विशेष जर्सी भेंट की।

समापन समारोह में पंजाब की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिली। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ गतका और भांगड़ा की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मनोरंजन किया।

हॉकी और पंजाब का पुराना रिश्ता: मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करना पंजाब के लिए बड़ी उपलब्धि है। इससे साबित हुआ है कि राज्य बड़े अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का आयोजन करने में सक्षम है।

उन्होंने बताया कि खेल ढांचे को मजबूत करने के लिए राज्य में 1,744 करोड़ रुपये का विशेष बजट रखा गया है। सरकार के कार्यकाल में छह नए एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किए गए हैं, जबकि दो अन्य मैदानों पर काम जारी है। इसके अलावा जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने के लिए 18 सिक्स-ए-साइड एस्ट्रोटर्फ मैदान भी बनाए गए हैं।

पंजाब ने देश को दिए 77 हॉकी ओलंपियन

भगवंत मान ने पंजाब के हॉकी इतिहास का जिक्र करते हुए कहा कि 1928 के एम्स्टर्डम ओलंपिक से लेकर पेरिस ओलंपिक 2024 तक राज्य ने देश को 77 हॉकी ओलंपियन और 48 ओलंपिक पदक विजेता दिए हैं।

उन्होंने कहा कि पंजाबी खिलाड़ियों ने 10 बार ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम की कप्तानी की है। टोक्यो ओलंपिक 2020 में मनप्रीत सिंह और पेरिस ओलंपिक 2024 में हरमनप्रीत सिंह ने भारतीय टीम की अगुवाई की थी।

मुख्यमंत्री ने जालंधर के संसारपुर, खुसरोपुर और मिठापुर जैसे गांवों का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इन गांवों ने देश को 20 से अधिक ओलंपियन दिए हैं। वहीं, जालंधर के सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में 130 से अधिक खिलाड़ी विशेष प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

खेल पर्यटन और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी। इसके साथ ही खेल पर्यटन, होटल और आतिथ्य क्षेत्र तथा खेल सामान उद्योग को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से पंजाब में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

समापन समारोह में हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ, प्रमुख सचिव वरुण रूजम और हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। हॉकी इंडिया ने भी टूर्नामेंट के आयोजन और प्रबंधन के लिए पंजाब सरकार की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *