लुधियाना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘भाभी चुम्मेवाली’ पर FIR: IT एक्ट के तहत केस दर्ज, पुलिस ने शुरू की जांच
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणजीत कौर उर्फ ‘भाभी चुम्मेवाली’ और उनके पति जिंदा हंस के खिलाफ पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई निहंग संगठन से जुड़े मनप्रीत सिंह खालसा की शिकायत के आधार पर की गई है।
सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर दर्ज हुई शिकायत
शिकायतकर्ता का आरोप है कि रणजीत कौर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर ऐसे वीडियो साझा कर रही थीं, जिनमें इस्तेमाल की गई भाषा, हाव-भाव और पहनावे पर आपत्ति है। शिकायत में कहा गया है कि इस तरह का कंटेंट समाज, विशेषकर बच्चों पर गलत प्रभाव डाल सकता है।
इसके अलावा आरोप लगाया गया है कि कुछ वीडियो में पुलिस अधिकारियों का नाम लेकर यह दावा किया गया कि उन्हें इस तरह का कंटेंट पोस्ट करने की अनुमति प्राप्त है, जिससे लोगों में भ्रम फैल सकता है।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का भी आरोप
एफआईआर में यह भी आरोप शामिल है कि बिना आवश्यक अनुमति घर में शिवलिंग स्थापित कर उसकी धार्मिक मर्यादा का उल्लंघन किया गया, जिससे हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
IT एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने मामले में आईटी एक्ट की धारा 67 और 67(A) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना मोती नगर के एसएचओ भूपिंदर सिंह ने बताया कि मामले के सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इन्फ्लुएंसर ने आरोपों को बताया बेबुनियाद
रणजीत कौर और उनके पति ने सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि वे पहले ही पुलिस कमिश्नर को शिकायत देकर खुद को परेशान किए जाने की जानकारी दे चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता के खिलाफ उनके पास भी पर्याप्त सबूत हैं, जिन्हें आवश्यकता पड़ने पर जांच एजेंसियों के सामने पेश किया जाएगा।
पहले भी हो चुका है विरोध
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले निहंग जत्थेबंदियों के सदस्य रणजीत कौर के घर पहुंचे थे और उनके सोशल मीडिया कंटेंट को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया था।
कोरोना काल में मिली पहचान
रणजीत कौर ने कोरोना महामारी के दौरान सोशल मीडिया पर वीडियो बनाना शुरू किया था। ‘भाभी चुम्मेवाली’ नाम से उन्हें व्यापक पहचान मिली। बाद में उन्होंने पंजाबी फिल्म ‘जट्ट एंड जूलियट 3’ में भी एक छोटा किरदार निभाया। फिलहाल पूरा मामला पुलिस जांच के अधीन है।

