पंजाब के 16 जिलों में बारिश-आंधी का यलो अलर्ट: पठानकोट में बारिश, भाखड़ा डैम से 8000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया
मोहाली: पंजाब में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग ने राज्य के 16 जिलों में बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
इस बीच, पठानकोट में सोमवार को तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि जालंधर समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। चंडीगढ़ में भी आसमान में बादलों का डेरा रहने की संभावना जताई गई है।
तापमान में आई गिरावट
राज्य के कई हिस्सों में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। हालांकि, फरीदकोट राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाखड़ा डैम से छोड़ा गया पानी
पहाड़ी क्षेत्रों में भीषण गर्मी के चलते बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिससे भाखड़ा डैम के पीछे स्थित गोबिंद सागर झील में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है। सोमवार सुबह 6 बजे डैम का जलस्तर 1573.56 फीट दर्ज किया गया। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए भाखड़ा डैम से 8,000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है।
बिजली की मांग 13,036 मेगावाट पहुंची
बारिश और उमस के बीच पंजाब में बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। सोमवार शाम करीब 5:45 बजे बिजली की मांग 13,036 मेगावाट दर्ज की गई। रात 8 बजे के बाद यह घटकर लगभग 12 हजार मेगावाट रह गई।
राज्य को इस दौरान अपने स्रोतों से करीब 5,200 मेगावाट और केंद्र सरकार से लगभग 7,700 मेगावाट बिजली प्राप्त हुई।
अबोहर में दीवार गिरने से चार घायल
अबोहर में सोमवार सुबह करीब आधे घंटे तक हुई बारिश के दौरान आर्य नगर इलाके में एक झुग्गी पर कच्ची दीवार गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति, उसकी बहन और दो बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
18 जून से मौसम और बदलने के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। पंजाब से बिहार तक बनी मौसमी ट्रफ और 18 जून से सक्रिय होने वाले नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रह सकता है।
इस दौरान बादल छाने, गरज-चमक, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
अगले चार दिनों में बढ़ सकता है तापमान
मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, 15 से 18 जून के बीच पंजाब के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 19 जून को अधिक क्षेत्रों में बारिश की संभावना है, जबकि 20 और 21 जून को भी कुछ स्थानों पर वर्षा जारी रह सकती है।
हालांकि, अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसके बाद तापमान में विशेष बदलाव की उम्मीद नहीं है।
अगले तीन दिनों का अनुमान
17 जून
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
18 जून
पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
19 जून
अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, मानसा, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और आंधी चलने की संभावना है।
पंजाब के 16 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। पठानकोट में बारिश हुई, जबकि बढ़ते जलस्तर के चलते भाखड़ा डैम से 8000 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। अगले कुछ दिनों तक मौसम बदला रहने के आसार हैं।

