कनाडा में पंजाबी युवती की हत्या, लिव-इन पार्टनर पर गला घोंटकर मारने का आरोप; परिवार सदमे में
जालंधर/लुधियाना: कनाडा के एडमिंटन शहर में पंजाब की एक 23 वर्षीय युवती की कथित तौर पर उसके लिव-इन पार्टनर द्वारा गला घोंटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर का मामला दर्ज किया है। घटना के बाद मृतका के परिवार में शोक का माहौल है।
लुधियाना की रहने वाली थी दमनप्रीत कौर
मृतका की पहचान दमनप्रीत कौर (23) के रूप में हुई है, जो लुधियाना जिले के समराला स्थित गांव लाल कलां की रहने वाली थी। परिवार के अनुसार, दमनप्रीत करीब पांच वर्ष पहले स्टडी वीजा पर कनाडा गई थी। पढ़ाई पूरी करने के बाद वह वहीं नौकरी कर रही थी।
बताया गया है कि दमनप्रीत के पिता गुरुद्वारे में पाठी हैं और उन्होंने बेटी को विदेश भेजने के लिए अपनी जमीन तक बेच दी थी।
पढ़ाई के दौरान हुई थी मुलाकात
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2021 में पढ़ाई के दौरान दमनप्रीत की मुलाकात रितेश कुमार (22) से हुई थी, जो दिल्ली का रहने वाला बताया गया है। दोनों के बीच दोस्ती हुई और बाद में वे लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे। हालांकि, दोनों कब से साथ रह रहे थे, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
अस्पताल में तीन दिन बाद हुई मौत
एडमिंटन पुलिस के अनुसार, 9 जुलाई की शाम एक मकान से इमरजेंसी कॉल मिलने पर पुलिस और पैरामेडिकल टीम मौके पर पहुंची। वहां दमनप्रीत बेहोशी की हालत में मिली, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई। बाद में 14 जुलाई को हुई पोस्टमार्टम जांच में पुष्टि हुई कि मौत गला घोंटने (Strangulation) के कारण हुई थी।
आरोपी गिरफ्तार, हत्या का मामला दर्ज
एडमिंटन पुलिस की होमिसाइड यूनिट ने 22 जुलाई को आरोपी रितेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ सेकेंड डिग्री मर्डर का आरोप लगाया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, यह मामला घरेलू हिंसा (Intimate Partner Homicide) से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी अन्य संदिग्ध की तलाश नहीं की जा रही है। दोनों के बीच विवाद किस कारण हुआ, इसकी जांच जारी है।
शव भारत लाने की तैयारी
कनाडाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दमनप्रीत कौर के शव को भारत लाकर अंतिम संस्कार कराने के लिए GoFundMe के माध्यम से आर्थिक सहायता जुटाने का अभियान भी शुरू किया गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर बताई जा रही है।
फिलहाल शव को भारत लाने की प्रक्रिया जारी है, हालांकि इसके लिए अभी कोई निश्चित तारीख तय नहीं की गई है। वहीं, इस मामले में भारतीय दूतावास या भारत सरकार की ओर से आधिकारिक सहायता को लेकर कोई सार्वजनिक जानकारी सामने नहीं आई है।

