पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, गोदारा गैंग के नाम पर धमकी

पंजाबी सिंगर कमल ग्रेवाल से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का आरोप, गोदारा गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी

पंजाबी गायक कमलजीत सिंह ग्रेवाल उर्फ कमल ग्रेवाल को कथित तौर पर रोहित गोदारा गैंग के नाम पर जान से मारने की धमकी देने और 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। गायक को विदेशी नंबर से फोन कॉल और वॉयस मैसेज भेजे गए। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर कमल ग्रेवाल ने अपनी और परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है।

लुधियाना के थाना डिवीजन नंबर-5 की पुलिस ने शिकायत के आधार पर गिल्ली राणा नाम के व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(4) के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अब विदेशी नंबर के स्रोत और कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है।

विदेशी नंबर से आए मिस्ड कॉल और वॉयस मैसेज

सराभा नगर निवासी कमल ग्रेवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी एक म्यूजिक कंपनी है, जिसका कार्यालय सराभा नगर में स्थित है। कंपनी के दो कर्मचारी मोबाइल नंबरों के जरिए ऑनलाइन लाइव म्यूजिकल कार्यक्रमों की बुकिंग संभालते हैं।

गायक के अनुसार, 20 अक्टूबर को वह पटियाला में दशहरा कार्यक्रम में प्रस्तुति दे रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से कई मिस्ड कॉल और वॉयस मैसेज आए। कार्यक्रम में व्यस्त होने के कारण वह उस समय मैसेज नहीं सुन सके।

अगले दिन जब उन्होंने वॉयस मैसेज सुने तो कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को रोहित गोदारा गैंग का सदस्य गिल्ली राणा बताया और धमकियां दीं।

5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी, स्टेज शो को लेकर भी धमकी

शिकायत के मुताबिक, फोन करने वाले ने कमल ग्रेवाल से 5 करोड़ रुपये की मांग की। साथ ही स्टेज कार्यक्रमों को लेकर भी धमकी भरे अंदाज में कहा, ‘स्टेज की टिकट तू काटेगा, ऊपर की मैं।’

कॉल करने वाले ने कथित तौर पर गायक को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद कमल ग्रेवाल और उनका परिवार सुरक्षा को लेकर चिंतित हो गया।

1 नवंबर को दोबारा आए फोन कॉल

कमल ग्रेवाल ने पुलिस को बताया कि 1 नवंबर को जब वह अपने कार्यालय में मौजूद थे, तब उसी विदेशी नंबर से दोबारा दो फोन कॉल आए। लगातार फोन और धमकियां मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज करवाई।

विदेशी नंबर की जांच कर रही पुलिस

मामले की जांच कर रहीं सब-इंस्पेक्टर जगराज कौर ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर BNS की धारा 308(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस विदेशी नंबर के स्रोत का पता लगाने और धमकी देने वाले व्यक्ति की पहचान करने के लिए जांच कर रही है। फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *