पंजाब-चंडीगढ़ में 4 दिन घनी धुंध का अलर्ट, बठिंडा में 10 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान
मोहाली: पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने आज से अगले चार दिनों तक राज्य के कुछ हिस्सों में घनी धुंध छाने का अलर्ट जारी किया है। 20 नवंबर तक रात और सुबह के समय कई स्थानों पर घना कोहरा पड़ने की संभावना है।
इस बीच पंजाब के न्यूनतम तापमान में 3.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। बठिंडा राज्य में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों में रात के तापमान में करीब 2 डिग्री की और गिरावट आ सकती है।
17 नवंबर को इन जिलों में धुंध की संभावना
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17 नवंबर को पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, रूपनगर और अमृतसर में कुछ स्थानों पर घनी धुंध छा सकती है। सुबह और रात के समय दृश्यता प्रभावित होने की आशंका है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर अब कमजोर पड़ गया है। इसके चलते पंजाब और चंडीगढ़ में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में आसमान मुख्य रूप से साफ रह सकता है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है।
दिन के तापमान में हो सकता है हल्का बदलाव
बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान के तट के करीब पहुंचने के साथ उत्तर भारत में हवाओं की दिशा में बदलाव की संभावना है। दिल्ली, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में पूर्वी हवाएं चलने से उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाओं का प्रभाव कम हो सकता है।
वातावरण में बढ़ेगी नमी
पूर्वी हवाओं के कारण वातावरण में नमी बढ़ने की संभावना है। इससे दिन के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि रात के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का अनुमान है। ऐसे में रात के समय ठंड का असर कुछ कम हो सकता है।
हालांकि, फिलहाल मौसम शुष्क रहने और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सुबह-शाम धुंध और ठंड से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

