कैप्टन बोले- सोनिया गांधी ने बुलाया था, इसलिए दिल्ली गया; चन्नी ने कहा- कांग्रेस में वापसी संभव नहीं
मोहाली: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस में लौटने की अटकलों के बीच उन्होंने दिल्ली में सोनिया गांधी के पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में शामिल होने पर सफाई दी है। कैप्टन ने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया था, इसलिए वह कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने साफ किया कि उनका कांग्रेस में वापस जाने का कोई इरादा नहीं है।
वहीं, पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कैप्टन की वापसी की संभावनाओं को खारिज किया है। चन्नी ने कहा कि कैप्टन के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) के कई मामले चल रहे हैं और ऐसे में उनकी कांग्रेस में वापसी की कोई गुंजाइश नहीं है।
कैप्टन बोले- सोनिया गांधी का न्योता मिला था
नई दिल्ली में सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन समारोह में कैप्टन अमरिंदर सिंह पहली पंक्ति में बैठे नजर आए। कार्यक्रम के बाद मीडिया ने उनसे कांग्रेस में वापसी को लेकर सवाल पूछे।
इस पर कैप्टन ने कहा कि उन्होंने सोनिया गांधी की किताब पढ़ ली है और उन्हें इस कार्यक्रम में शामिल होकर खुशी हुई। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने उन्हें पुस्तक विमोचन समारोह के लिए आमंत्रित किया था, इसलिए वह दिल्ली आए।
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह दोबारा कांग्रेस में शामिल होने के बारे में सोच रहे हैं, तो उन्होंने स्पष्ट रूप से इनकार किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह किताब के विमोचन से जुड़ा था।
किताब पढ़कर पुरानी यादें हुईं ताजा
कैप्टन ने बताया कि उन्होंने सोनिया गांधी की किताब एक दिन पहले ही पूरी की है। उनके मुताबिक, किताब में सोनिया गांधी ने अपनी सोच और भावनाओं को साझा किया है।
उन्होंने कहा कि वह भी लंबे समय तक सोनिया गांधी के साथ कांग्रेस में रहे हैं। किताब में लिखी कई बातें पढ़कर उन्हें पुराने दिनों की याद आ गई। कैप्टन ने इसे भावुक कर देने वाला अनुभव बताया।
चन्नी ने कांग्रेस में वापसी की संभावना से किया इनकार
कैप्टन अमरिंदर सिंह के दिल्ली दौरे के बाद उनकी कांग्रेस में वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि कैप्टन की पार्टी में वापसी संभव नहीं है। उन्होंने इसकी वजह बताते हुए कहा कि कैप्टन के खिलाफ ED के कई मामले चल रहे हैं।
भाजपा नेतृत्व से नाराजगी के बाद शुरू हुई थीं अटकलें
कैप्टन अमरिंदर सिंह की कांग्रेस में वापसी की चर्चाएं जून 2026 से चल रही हैं। उस समय उन्होंने भाजपा नेतृत्व को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। कैप्टन ने कहा था कि भाजपा में शामिल हुए उन्हें चार साल हो चुके हैं, लेकिन उन्हें पार्टी में अपेक्षित भूमिका नहीं मिली।
उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों को पूरी तरह नहीं समझती। उनके मुताबिक, पार्टी को राज्य की राजनीति और स्थानीय समीकरणों को समझने के लिए अनुभवी नेताओं से सलाह लेनी चाहिए।
कांग्रेस हाईकमान से अच्छे रिश्तों का कर चुके हैं जिक्र
कैप्टन पहले भी कह चुके हैं कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके व्यक्तिगत संबंध अच्छे हैं। एक इंटरव्यू में उन्होंने कांग्रेस को परिवार जैसा बताते हुए कहा था कि वहां फोन करने पर नेताओं से मुलाकात हो जाती थी, जबकि भाजपा में संगठनात्मक नियम अधिक हैं और शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात के अवसर सीमित रहे हैं।
हालांकि, कैप्टन यह भी स्पष्ट कर चुके हैं कि उनकी राजनीतिक पारी अब भाजपा के साथ है और वह कांग्रेस में शामिल नहीं होंगे। उन्होंने कहा था कि यदि सोनिया गांधी को निजी तौर पर उनकी जरूरत होगी तो वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
2027 के चुनाव में बेटी के उतरने के दिए थे संकेत
पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 में अपनी भूमिका को लेकर कैप्टन पहले कह चुके हैं कि पटियाला से उनका खुद चुनाव लड़ना संभव नहीं है। उन्होंने संकेत दिया था कि उनकी बेटी जयइंदर कौर चुनाव मैदान में उतर सकती हैं।
इस बीच राहुल गांधी का एक कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह को अपना पसंदीदा भाजपा नेता बताना भी चर्चा में रहा था। राहुल ने उनकी सैन्य पृष्ठभूमि और व्यक्तित्व की तारीफ की थी। इन घटनाक्रमों के कारण कैप्टन के कांग्रेस नेतृत्व के साथ संबंधों और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर अटकलें लगातार बनी हुई हैं।

